Mission 2022: चुनावी तैयारियों पर मंथन करेगी भाजपा की कोर कमेटी, इन मसलों पर भी होगी चर्चा
विधानसभा के 2022 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा अब अलर्ट मोड में है। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की मौजूदगी में चार अक्टूबर को यहां होने वाली पार्टी की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक में विस चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड विधानसभा के 2022 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा अब अलर्ट मोड में है। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की मौजूदगी में चार अक्टूबर को यहां होने वाली पार्टी की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक में विस चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। साथ ही पार्टी में अनुशासन समेत अन्य मसलों पर भी विमर्श कर आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है। कोर कमेटी से पहले पार्टी पदाधिकारियों की राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ भी बैठक होगी।
प्रदेश में भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक के चुनावों में विजय रथ पर सवार है। 2017 के विधानसभा चुनाव में तो पार्टी ने 70 में 57 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। इतना बड़ा बहुमत किसी भी पार्टी के लिए चरमोत्कर्ष से कम नहीं है। ऐसे में यह टेंपो बनाए रखने की चुनौती पार्टी के सामने है। यदि 2022 में होने वाले विस चुनाव में उसकी एक भी सीट कम हुई, तो माना जाएगा कि सीटें घटी हैं। लिहाजा, 2017 जैसा प्रदर्शन फिर से दोहराने के लिए पार्टी ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है।इसे देखते हुए चार अक्टूबर को होने वाली पार्टी की कोर कमेटी की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश इस बैठक के लिए शनिवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। उनकी मौजूदगी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, दोनों महामंत्री, सभी सांसद, राज्य सरकार के मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहेंगे। चार अक्टूबर को कोर कमेटी की बैठक से पहले तीन अक्टूबर को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक में भी राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन मौजूद रहेगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ होने वाली बैठकों में मुख्य रूप से चर्चा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित रहेगी। चुनाव के मद्देनजर मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपे जाने के आसार भी हैं। इसके अलावा हाल में अनुशासनहीनता के सामने आए मामलों के मद्देनजर विधायकों के लिए गाइडलाइन तय किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। साथ ही कोर कमेटी आगामी कार्यक्रमों पर भी मुहर लगा सकती है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा, पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के लिए अभी कोई एजेंडा तय नहीं है। जो भी विषय आएंगे, उन पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: आम आदमी पार्टी ने गंगा पर सियासत नहीं समाधान की भाजपा को दी नसीहत