भाजपा ने कांग्रेस के रेल किराया देने की पेशकश को बताया हास्यास्पद
उत्तराखंड के प्रवासियों को ट्रेन से वापस लाने पर उनका किराया प्रदेश कांग्रेस द्वारा दिए जाने की पेशकश को उत्तराखंड भाजपा ने हास्यास्पद बताया है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड के प्रवासियों को ट्रेन से वापस लाने पर उनका किराया प्रदेश कांग्रेस द्वारा दिए जाने की पेशकश को उत्तराखंड भाजपा ने हास्यास्पद बताया है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि जब किसी भी व्यक्ति से किराया लिया ही नहीं जाना है तो साफ है कि कांग्रेस नेताओं की कोरी बयानबाजी जनता को धोखा देने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि ट्रेन से प्रवासियों को उनके गृह राज्यों में भेजने के लिए केंद्र सरकार ने जो नीति तय की है उसके अनुसार कुल किराए का 85 प्रतिशत केंद्र सरकार स्वयं वहन कर रही है और शेष राज्य सरकारें वहन करेंगी।
इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा रेल मंत्री पीयूष गोयल से उत्तराखंड के लिए 12 ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया। राज्य सरकार ने भी साफ कर दिया है कि राज्य के हिस्से का 15 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे में जब पूरी प्रक्रिया स्पष्ट है तो कांग्रेस द्वारा किराया देने की पेशकश स्वयं में हास्यास्पद तो है ही, जनता को धोखा देने की कोशिश भी है।
किसानों को 100 करोड़ का पैकेज मिले : प्रीतम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कोरोना महामारी को प्रदेश में दैवीय आपदा घोषित कर किसानों के लिए 100 करोड़ के पैकेज की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य में भारी ओलावृष्टि और भीषण वर्षा के चलते किसानों के भारी नुकसान हुआ है। फसलों और बागवानी को जिसतरह क्षति हुई है, इससे भरपाई किसानों के बस की बात नहीं रह गई है। गेहूं की फसल खराब हो गई तो पर्वतीय जिलों में फल पट्टी में आडू, सेब, पुलम, खुमानी जैसे कीमती फल बर्बाद हो गए हैं।
यही नहीं बेमौसमी वर्षा से आलू की फसल भी चौपट हो गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में आम, लीची जैसे फलों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। शिमला मिर्च, टमाटर, मटर जैसी सब्जियों को भी भारी नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: पर्यावरण मंत्री ने की मसूरी नगर पालिका को सफाई के लिए 15 लाख देने की घोषणा
प्रीतम सिंह ने कृषि विभाग की ओर से महज 26 करोड़ के नुकसान के आकलन पर आश्चर्य जताया। साथ ही कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए सरकार को प्रदेश में दैवीय आपदा घोषित कर किसानों को मुआवजा देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भगत ने की भाजयुमो के कामकाज की समीक्षा, दिए ये दिशा-निर्देश