वर्चुअल रैलियों के जरिये 25 लाख लोगों तक पहुंचेगी भाजपा : बंशीधर भगत
प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि राज्य में विधानसभा क्षेत्रवार चल रही वर्चुअल रैली और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भाजपा 25 लाख लोगों तक पहुंचेगी।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य में विधानसभा क्षेत्रवार चल रही वर्चुअल रैली और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भाजपा 25 लाख लोगों तक पहुंचेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने शुक्रवार को प्रांतीय कार्यालय में पार्टी के मुखपत्र देवकमल के विशेषांक के विमोचन के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
भगत ने कहा कि विस क्षेत्रवार वर्चुअल रैलियों व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का सिलसिला 10 जुलाई तक चलेगा। अब तक 36 विस क्षेत्रों में ये आयोजन हो चुके हैं। मोर्चों ने 140 वीसी की हैं। इन आयोजनों को आगामी विस चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के ये आयोजन नियमों के तहत हैं। अलबत्ता, कोरोनाकाल में कांग्रेस धरना-प्रदर्शन कर नियम तोड़ रही है। उन्होंने कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों को नौटंकी करार दिया और कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को लेकर कांग्रेस को चिंता है तो राजस्थान में क्यों ऐसा नहीं करती। उन्होंने कहा कि जो भी नियमों से बाहर जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कानून सबके लिए समान है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस नेताओं में पार्टी के भीतर वर्चस्व की जंग भी है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के महासचिव हरीश रावत द्वारा मुख्यमंत्री के आग्रह पर आगामी कार्यक्रम स्थगित किए जाने के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने फर्ज के तहत पूर्व मुख्यमंत्री से आग्रह किया, जिसे माना गया। यह अच्छी बात है।
प्रदेश मंत्रिमंडल में रिक्त पदों के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इस बारे में वह मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। सीएम स्वरोजगार योजना से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इसमें बैंक से ऋण लेने को शर्तें तो पूरी करनी ही होंगी। नेपाल के साथ संबंधों में आई तल्खी पर उन्होंने कहा कि इस बारे में केंद्र सरकार बात कर रही है। हम भी सतर्क हैं, क्योंकि हमारी सीमाएं नेपाल से लगी हैं।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन Dehradun News
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष भगत, महामंत्री संगठन अजेय, उपाध्यक्ष डॉ.देवेंद्र भसीन, महामंत्री कुलदीप कुमार ने देवकमल के विशेषांक का विमोचन किया। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां शामिल की गई हैं। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, राम प्रताप साकेती, विनोद उनियाल, मनवीर चौहान, विपिन कैंथोला, मधु भट्ट आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: आंदोलन स्थगित करने पर सीएम त्रिवेंद्र ने हरीश रावत का जताया आभार