भ्रष्टाचार पर उत्तराखंड सरकार का कड़ा प्रहार, रिश्वत लेते पकड़े गए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी की सेवाएं समाप्त
देहरादून बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी ग ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। शासन ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, बागेश्वर कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि) की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। उन्हें विजिलेंस की टीम ने एक सैनिक कल्याण कार्यकर्ता के अनुबंध को बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बागेश्वर कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि) को सैनिक कल्याण विभाग ने 14 जुलाई, 2022 को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के संविदा के पद पर तैनाती प्रदान की थी। उन्हें हाल ही में विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
सैनिक कल्याण मंत्री के निर्देश के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सैनिक कल्याण जैसे संवेदनशील विभाग में पारदर्शिता व जवाबदेही ही सर्वोपरि है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह की किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।