विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहित्य चेतना को परिष्कृत कर जीवन को नई दिशा देता है: आरिफ मोहम्मद खान

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:47 PM (IST)

वैली ऑफ वर्ड्स के दसवें साहित्यिक महोत्सव के समापन पर आरिफ मोहम्मद खान ने साहित्य को चेतना परिष्कृत करने का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं को शास्त्रीय और समकालीन साहित्य से जीवनभर जुड़े रहने की सलाह दी।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। साहित्य मनुष्य की चेतना को परिष्कृत करने और उसमें नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का संचार करने का सशक्त माध्यम है। यह कठिन समय में मानसिक शांति और आध्यात्मिक संबल भी देता है। युवाओं को शास्त्रीय और समकालीन साहित्य से जीवनभर जुड़े रहना चाहिए।

यह बात बिहार व केरलम के पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने रविवार को वैली आफ वर्ड्स के दसवें साहित्यिक महोत्सव के समापन अवसर पर कही। राजपुर रोड स्थित होटल वेलकम बाय आइटीसी मधुबन में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि कला, संगीत, नृत्य और साहित्य मनुष्य को शाश्वत सत्य और जीवन के गहरे अर्थों से जोड़ते हैं।

शास्त्रीय साहित्य हर युग में प्रासंगिक रहता है। उन्होंने संस्कृत के श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि संसार रूपी विष वृक्ष पर दो अमृत समान फल हैं। पहला काव्य और साहित्य का रसास्वादन और दूसरा सज्जन व्यक्तियों का सानिध्य।

उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए निर्भीक लेखन जारी रखने का आह्वान किया। अपने संबोधन का समापन उन्होंने उपनिषद की प्रार्थना से किया, जिसमें एकता, सद्भाव और कल्याणकारी सोच का संदेश दिया गया।

नृत्य, साहित्य और शिक्षा पर दिनभर चला विचार-विमर्श

महोत्सव के अंतिम दिन की शुरुआत कुचिपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति से हुई। कलाकार सराजित जान चौधरी ने शालिनी राव की परिकल्पना पर आधारित ''''वाचिकम् सर्व वाङ्मयम्'''' सत्र में प्रस्तुति दी। बाल साहित्य श्रेणी में समीना मिश्रा की पुस्तक ''''द नाइट स्काई'''' पर चर्चा हुई।

अंग्रेजी श्रेणी में निष्ठा गौतम की अनूदित पुस्तक 'सीताज वेल' और हिंदी अनुवाद श्रेणी में डा. रोहिणी की पुस्तक 'ऑर्बिटल' पर चर्चा हुई। दोनों श्रेणियों की विजेताओं को आरिफ मोहम्मद खान ने सम्मानित किया।

शिक्षा पर केंद्रित सत्र में 19वीं सदी के स्कूलों की 21वीं सदी के छात्रों की जरूरतें पूरी करने की क्षमता पर चर्चा हुई। इसमें विभा कपूर, रूमा मल्होत्रा, सुप्रिया श्रीवास्तव और तरुण घई ने विचार रखे।

वहीं 'आथर्स फ्रॉम द वैली' सत्र में पूजा मारवाह ने कुलभूषण कैन के साथ दून और भारतीय किशोरों से जुड़े विषयों पर संवाद किया। अंतिम सत्र में नमामि बंसल, अनूप नौटियाल और निधि शर्मा ने नागरिक बोध और जिम्मेदारियों पर विचार रखे। समापन समारोह में एयू सिंह देव की पुस्तक 'बाय द ग्रेस आफ माय गुरु' का विमोचन भी किया गया।

यह भी पढ़ें- देहरादून वैली ऑफ वर्ड्स साहित्योत्सव में मालिनी अवस्थी ने लोकगीतों के महत्व पर जोर दिया, सांस्कृतिक विरासत समझने की अपील

यह भी पढ़ें- देहरादून में बोले पेमा खांडू, चैटजीपीटी नहीं किताबें बढ़ाएंगी सोचने-समझने की क्षमता, वैली ऑफ वर्ड्स महोत्सव का किया उद्घाटन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।