विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकिता भंडारी हत्याकांड: देहरादून में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, वीआईपी भूमिका पर सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:23 PM (IST)

नेहा बोरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका पर सरकार की चुप्पी और पीड़िता के चरित्रहनन पर सवाल ...और पढ़ें

आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा।

आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा।

HighLights

  1. सरकार की वीआईपी भूमिका पर चुप्पी पर सवाल

  2. पीड़िता के चरित्रहनन पर भी सरकार की जवाबदेही

  3. विनोद आर्य के नार्को टेस्ट, सीबीआई जांच की मांग

जागरण संवाददाता, देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को सजा के बावजूद सरकार की जवाबदेही से अलग नहीं किया जा सकता। मामले में वीआइपी की भूमिका और पीड़िता के चरित्रहनन पर सरकार की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने यह बात कही। उन्होंने अंकिता की मां के संघर्ष को पूरे देश के लिए मिसाल बताते हुए कहा कि जिस साहस के साथ उन्होंने अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी, उससे युवाओं और पूरे समाज को सीखने की जरूरत है।

प्रेस क्लब सभागार में आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सातवें उत्तराखंड राज्य सम्मेलन में नेहा बोरा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने को प्रदेशभर में लोग संघर्ष कर रहे हैं। पर जिन लोगों के नाम इस प्रकरण में सामने आए, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें राज्यपाल बना दिया गया।

वहीं, दोषियों के परिवार की ओर से प्रेसवार्ता कर पीड़िता का चरित्रहनन किया जा रहा है। सरकार और सत्ता में बैठे लोगों की ओर से ऐसे लोगों को खुली छूट मिल रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही उस उत्तराखंड की कल्पना थी, जिसके लिए लोगों ने अलग राज्य के आंदोलन में संघर्ष किया था।

उन्होंने अंकिता की मां को सलाम करते हुए कहा कि यदि सत्ता लोगों को डराने और चुप कराने की कोशिश करती है तो युवा अंकिता की मां से संघर्ष करना सीखेंगे। उनसे यह सीखेंगे कि सरकार के खिलाफ भी अपने अधिकारों और न्याय के लिए किस तरह डटकर खड़ा हुआ जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा।

रोजगार की कमी से बढ़ रही बेटियों की मुश्किलें

नेहा ने अंकिता प्रकरण को प्रदेश में रोजगार के अभाव और वीआइपी संस्कृति से जोड़ते हुए कहा कि पहाड़ में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। इस कारण युवाओं और बेटियों को काम की तलाश में अपने घर और गांव छोड़कर दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। कई युवतियां रिजार्ट और अन्य संस्थानों में काम करने जाती हैं।

ऐसी परिस्थितियों में उनके शोषण और उत्पीड़न की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि वीआइपी संस्कृति केवल सत्ता और प्रभावशाली लोगों तक विशेष सुविधाएं सीमित रखने का मामला नहीं है बल्कि यह महिलाओं के आत्मसम्मान, मानवाधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी प्रभावित करती है।

गांवों के धंसने और पर्यावरणीय संकट पर चिंता

उन्होंने उत्तराखंड के मौजूदा हालात पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के आम लोग आज हर तरह से मार झेल रहे हैं। जिस उत्तराखंड के सपने के लिए लोग सड़कों पर उतरे थे, उसी उत्तराखंड में आज पर्यावरण का क्या हाल है। गांव के गांव धंस रहे हैं।

लोग जिन गांवों में सालों से रहते हैं वह उन गांवों को छोड़ने को मजबूर हैं। बादल फटने और अतिवृष्टि की घटनाओं से गांवों को नुकसान पहुंच रहा है। जब सरकार से सवाल पूछा जाता है कि आपने पर्यावरण संरक्षित रखने, गांववालों की सुरक्षा के लिए क्या किया तो कोई जवाब नहीं मिलता।

काले झंडे दिखाने वालों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध

नेहा बोरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में काले झंडे दिखाने वाले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को चलती बाइक से घसीटकर नीचे उतारा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार के विरोध में आवाज उठाने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है। इन आरोपों पर सरकार और पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है।

वोट के अधिकार से वंचित करना लोकतंत्र से गद्दारी

नेहा बोरा ने देश में मुस्लिम और दलित समुदायों के खिलाफ नफरत बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड को भी इस माहौल में झोंकने की कोशिश हो रही है। उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में आम लोगों के नाम काटे जाने पर सवाल उठाए।

आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में भाजपा को अपने समर्थक कम होने का अंदेशा है, वहां लोगों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और उसकी आत्मा है। लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करना लोकतंत्र की आत्मा के साथ गद्दारी है।

अंकिता के माता-पिता ने की विनोद आर्य की सीबीआइ व नार्को टैस्ट की मांग

अंकिता भंडारी माता-पिता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पिता विरेंद्र भंडारी ने भावुक होते हुए कहा कि आरोपित व्यक्ति को राज्यपाल बनाने की भनक लगते ही वह दिल्ली में राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उनके साथ बदसलूकी की।

वहीं, अब जेल में बंद दोषी का पिता विनोद आर्य वाट्सएप चैट सार्वजनिक कर बेटी अंकिता का चरित्रहनन कर रहा है। उन्हाेंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि विनोद आर्य को सीबीआइ जांच में शामिल करते हुए उसका नार्को टैस्ट किया जाए। प्रकरण के दौरान विनोद आर्य की वर्ष 2022 की वाट्सएप चैट निकालकर सीबीआइ जांच करें। माता सोनी भंडारी ने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। ताकि भविष्य में किसी ओर बेटी के साथ में इस तरह की घटना ना हो

प्रेस क्लब पर पुलिस व खुफिया विभाग का पहरा

आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा के सम्मेलन में पहुंचने को लेकर प्रेस क्लब पर पुलिस व खुफिया विभाग का पहरा लगा रहा। कुछ हिंदूवादी संगठनों की विरोध प्रदर्शन की आशांकों को देखते हुए खुफिया विभाग के आला अधिकारी पल-पल की जानकारी लेते रहे। सुबह 10 बजे से देरशाम सम्मेलन खत्म होने तक प्रेस क्लब पर पुलिस व खुफिया विभाग की निगाहे लगी रही।

यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी के माता-पिता पहुंचे हरिद्वार, विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने की उठाई मांग

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज, बेरोजगारी-पेपर लीक और अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सरकार को घेरेंगे दिग्गज नेता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।