उत्तराखंड में अगले साल चुनाव, अमित शाह के हरिद्वार दौरे के साथ भाजपा हैट्रिक को भरेगी हुंकार
उत्तराखंड में भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 'डबल इंजन' सरकार की सफलता पर जोर देगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार से चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरिद्वार से फूंकेंगे चुनावी बिगुल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
रविंद्र बड़थ्वाल, देहरादून। उत्तराखंड में डबल इंजन को लेकर भाजपा एक बार फिर हुंकार भरेगी। पहाड़ से लेकर मैदान में विकास को नई धार देने में केंद्र और राज्य की सरकारों के डबल इंजन से मिल रही सफलता को सत्ताधारी पार्टी फिर अगले विधानसभा चुनाव में प्रमुख हथियार बनाने जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह डबल इंजन के सहयोग से प्रदेश सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को लेकर शनिवार को हरिद्वार में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। शाह की उपस्थिति में भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का यह आगाज धामी के नेतृत्व पर हाईकमान के भरोसे को पुख्ता कर ही रहा है, साथ में सरकार और संगठन में नए जोश का संचार भी करेगा।
प्रदेश में भाजपा के सामने लगातार तीसरे विधानसभा चुनाव में हैटट्रिक की चुनौती है। इसे निपटने के लिए पार्टी काफी पहले से तैयारी कर रही है, लेकिन चुनाव अभियान शुरु करने की इस रणनीति के निहितार्थ भी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार अमित शाह प्रदेश में चुनाव अभियान को हरी झंडी दिखाएंगे। सत्ताधारी दल ने पहली चुनावी जनसभा के लिए हरिद्वार को चुना है। इसमें यह भी तय हो जाएगा कि धामी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को ‘जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ के नारे के साथ चुनावी महासमर में उतरेगी।
धामी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों में दिखेगा डबल इंजन का दम
चार वर्ष की उपलब्धियों में डबल इंजन के दम का स्पष्ट संदेश भी देने की तैयारी है। अगले विधानसभा चुनाव में डबल इंजन को विकास की मुख्य धुरी बनाकर पेश किया जाएगा। साथ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अगले विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा का चेहरा हाेंगे।
समान नागरिक संहिता की अनूठी पहल और कड़े कानूनों को लेकर पार्टी के भीतर अलग पहचान बनाने वाले धामी को हाईकमान ने उनकी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों के बूते एक वर्ष पहले से ही चुनाव प्रचार की कमान भी थमा दी है।
शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार से चुनाव अभियान का शंखनाद कर धामी पर हाईकमान के भरोसे को पुख्ता करेंगे। इस भरोसे के साथ ही चुनावी वर्ष में धामी फ्रंटफुट पर खेलते दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें- अमित शाह का हरिद्वार दौरा: सीएम धामी ने कहा- 'ऐतिहासिक होने जा रही रैली'
यह भी पढ़ें- हरिद्वार स्वागत के लिए तैयार, धर्म-कर्म-न्याय और सियासत को धार देंगे अमित शाह
यह भी पढ़ें- गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा आज, जनसभा को करेंगे संबोधित और संतों से होगी बात
