अमित शाह का हरिद्वार से शंखनाद, बताया- कैसे विकास कार्य बनेंगे भाजपा के मिशन 2027 की नींव?
हरिद्वार में अमित शाह ने भाजपा के 'मिशन 2027' के लिए विकास योजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के ...और पढ़ें

केंद्र के सहयोग से हुए विकास कार्यों को गिना कांग्रेस पर साधा केंद्रीय गृह मंत्री ने निशाना। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विकास गुसाईं, देहरादून । हरिद्वार में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम केवल उपलब्धियों के उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राजनीतिक संदेश देने का भी महत्वपूर्ण मंच बन गया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में एक ओर केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, वहीं दूसरी ओर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि मोदी सरकार आने के बाद ही पिछले एक दशक में उत्तराखंड के विकास की गति उल्लेखनीय रूप से तेज हुई है। साथ ही संदेश दिया कि विकास के यही कार्य मिशन 2027 में भाजपा की जीत का आधार बनेंगे।
आगे बढ़ रही कई विकास योजनाएं
प्रदेश में इस समय कई विकास योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। चाहे वह चारधाम आल वेदर रोड परियोजना हो या फिर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन या फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे। ये सभी कार्य अपने अंतिम चरणों में हैं। इसमें दो राय नहीं कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में विकास को गति मिली है। ‘जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शाह का भाषण भी इसी के इर्द-गिर्द रहा।
उन्होंने संबोधन की शुरुआत उत्तराखंड राज्य आंदोलन की स्मृतियों से करते हुए कहा कि अलग राज्य बनने के बाद यहां विकास की नई संभावनाएं खुलीं। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में गठित उत्तराखंड को अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से यह भी बताने का प्रयास किया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में उत्तराखंड का विशेष स्थान रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच राज्य को केंद्र से लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिली थी, जबकि वर्ष 2014 के बाद यह राशि बढ़कर करीब एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। वर्ष 2014 में प्रतिव्यक्ति आय 1.80 लाख रुपये थी जो अब बढ़कर 2.74 लाख रुपये हो गई है।
जीएसडीपी में भी जबर्दस्त उछाल आया है। उन्होंने रेल व हवाई संपर्क के विस्तार और सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिल रही है।
