Move to Jagran APP

सांसद अजय भट्ट बोले, गैरसैंण को बनाएंगे ग्रीष्मकालीन राजधानी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नैनीताल से सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा गैरसैंण को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का प्रयास करेगी। पहले वहां जरूरी सुविधाएं जुटाई जाएंगी।

By Edited By: Published: Sun, 14 Jul 2019 09:36 PM (IST)Updated: Mon, 15 Jul 2019 11:28 AM (IST)
सांसद अजय भट्ट बोले, गैरसैंण को बनाएंगे ग्रीष्मकालीन राजधानी
सांसद अजय भट्ट बोले, गैरसैंण को बनाएंगे ग्रीष्मकालीन राजधानी

देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नैनीताल से सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा गैरसैंण को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का प्रयास करेगी। इससे पहले वहां सभी जरूरी सुविधाएं जुटाई जाएंगी और फिर इसकी घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता भी अब गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की बात कह रहे हैं तो यह अच्छी बात है। 

loksabha election banner

देहरादून पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष भट्ट प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में सभी व्यवस्थाएं पुख्ता करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही हैं। पुख्ता प्रबंध होने के बाद गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया जाएगा। यह पूछे जाने पर कि घोषणा कब होगी, तो उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए। 

एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि गैरसैंण में राजधानी का क्षेत्र चिह्नित किया चुका है। ऐसे में वहां ज्यादा दिन तक भूमि की खरीद पर रोक नहीं रखी जा सकती थी। सरकार ने सभी पहलुओं को देखने के बाद यह रोक हटाई है। देवप्रयाग क्षेत्र में शराब के बॉटलिंग प्लांट और उसके ब्रांड से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा, 'ये क्या है।' फिर बोले कि इस बारे में उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता नहीं हुई है कि हकीकत क्या है। जानकारी लेने के बाद ही कोई वक्तव्य देंगे।

श्रीनगर और बाजपुर में हुए निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव है। कभी हार तो कभी जीत लगी रहती है। निकायों में स्थानीय मुद्दे हावी रहते हैं। साथ ही कहा कि यदि दोनों निकायों में किसी पार्टी कार्यकर्ता ने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य किया होगा तो उनके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने के कोई निर्देश केंद्रीय नेतृत्व से नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में पद का कोई मोह नहीं होता। वैसे भी दो-तीन माह में बदलाव आ जाएगा। महामंत्री संगठन का पद रिक्त होने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक चुनावों के बारे में भी रोशनी डाली। 

कार्यकर्ताओं से मिले, सुनी समस्याएं 

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान ग्राम विकास एवं संघर्ष समिति, पैन्यूला (टिहरी) के कैलाश पैन्यूली समेत अन्य लोगों ने भट्ट को ज्ञापन दिया। इसमें नगर पंचायत कीर्तिनगर द्वारा पैन्यूला गांव के ऊपर कूड़ाघर बनाने का विरोध किया गया है। कहा गया है कि इससे क्षेत्र के पर्यावरण पर असर पड़ रहा है। मांग की गई कि इसके निर्माण को रोका जाए। 

इससे पहले कार्यकर्ताओं ने भट्ट का कार्यालय पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर विधायक खजानदास, दायित्वधारी नरेश बंसल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी पुष्कर सिंह काला, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: भाजपा के सदस्यता अभियान के लिए पदाधिकारी बनेंगे विस्तारक

यह भी पढ़ें: कांग्रेस में दिग्गजों को रास नहीं आ रही है एकजुटता, पढ़िए पूरी खबर

यह भी पढ़ें: भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, जगह-जगह फूंके पुतले


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.