विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अजय भट्ट बोले, अपना जमाना याद करें हरीश रावत

By BhanuEdited By:
Published: Tue, 12 Dec 2017 02:45 PM (IST)Updated: Tue, 12 Dec 2017 10:43 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपने समय को याद रखना चाहिए। इस बार भाजपा सरकार ने पूरे नियमानुसार सदन चलाया है।

अजय भट्ट बोले, अपना जमाना याद करें हरीश रावत
अजय भट्ट बोले, अपना जमाना याद करें हरीश रावत

देहरादून, [जेएनएन]: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपने समय को याद रखना चाहिए। जब भाजपा सदन में गैरसैंण पर सवाल उठाती थी, तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार सदन उठा लेती थी। इस बार भाजपा सरकार ने पूरे नियमानुसार सदन चलाया है और सदन में कार्य शेष न होने पर विपक्ष के साथियों ने ही सत्र स्थगित करने की सिफारिश की। 

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 17 दिसंबर को हल्द्वानी में होगी। इसमें सभी मंत्रियों से अपने मंत्रालयों में जनहित के किए गए कार्यों का ब्योरा लिया जाएगा। 

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का यह बयान कि सरकार दो दिन में ही गैरसैंण से भाग गई है, हास्यास्पद है। वह अपने कार्यकाल में गैरसैंण को स्थायी, शीतकालीन अथवा ग्रीष्मकालीन राजधानी के विषय पर सवाल उठते ही सदन उठा लेते थे। 

भाजपा सरकार ने सत्र ठीक से चलाने की पहल की है और विपक्ष से मंत्रणा करने के बाद ही सत्र स्थगित किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हमेशा जनता में जानबूझकर भ्रम फैलाते हैं। सरकार ने शीतकाल में सत्र इसलिए चलाया क्योंकि नेता सदन पहले सत्र में यह कह चुके थे कि अगला सत्र गैरसैंण में कराया जाएगा। सदन एवं पद की गरिमा को रखते हुए गैरसैंण में सत्र कराया गया।

राहुल के अध्यक्ष बनने से नहीं कोई फर्क

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के साथ ही डी फैक्टो अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। उनका पार्टी की गतिविधियों में अहम रोल रहता है। लोकसभा के साथ ही विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़े गए। जिसका परिणाम सबने देखा है। राहुल के अध्यक्ष बनने या न बनने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रदेश कार्यसमिति 17 को 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन 15 दिसंबर से 17 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम चला रहा है। इसके तहत 15 दिसंबर को आजीवन सहयोग निधि योजना की बैठक रूद्रपुर में की जाएगी। 16 दिसंबर को विधानसभा पूर्णकालिकों की बैठक हल्द्वानी में होगी। इसी दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। 17 दिसंबर की शाम प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हल्द्वानी में आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें: दुकानों में घपलों के लिए पूर्व सीएम भी जिम्मेदार: चैंपियन

यह भी पढ़ें: हार्इकमान ने चाहा तो लड़ूंगा लोकसभा चुनाव: तीरथ सिंह

यह भी पढ़ें: गैरसैंण सत्र को लेकर सीएम पर हमलावर हुए पूर्व सीएम रावत