विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अफगानिस्तान के आगे नहीं टिके उत्तराखंड के बल्लेबाज

By BhanuEdited By:
Published: Wed, 23 May 2018 08:55 AM (IST)Updated: Wed, 23 May 2018 09:46 PM (IST)

अफगानिस्तानी गेंदबाजों के सामने उत्तराखंड के बल्लेबाज ढेर हो गए। अफगानिस्तान की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 24 रन से मुकाबला जीत लिया।

अफगानिस्तान के आगे नहीं टिके उत्तराखंड के बल्लेबाज
अफगानिस्तान के आगे नहीं टिके उत्तराखंड के बल्लेबाज

देहरादून, [जेएनएन]: अफगानिस्तानी गेंदबाजों के सामने उत्तराखंड के बल्लेबाज ढेर हो गए। सलामी बल्लेबाज रणजी खिलाड़ी कुणाल चंदेला से टीम को खासी उम्मीदें थीं, लेकिन वे 36 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन ही बना पाए। इसके अलावा अन्य बल्लेबाज भी भी क्रीज पर ज्यादा समय नहीं बिता सके। अफगानिस्तान की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 24 रन से मुकाबला जीत लिया।

गत रात रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान और उत्तराखंड की टीम के बीच अभ्यास मैच खेला गया। अफगानिस्तानी टीम को उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। 

पहला विकेट 18 रन के स्कोर पर गिरा, जिसके बाद 80 रन तक अफगानिस्तान टीम पांच विकेट गंवा चुकी थी। 16 ओवर में 90 रन का स्कोर था और लग रहा था कि उत्तराखंड के गेंदबाज अफगानिस्तान की टीम को कम स्कोर पर ही रोक लेंगे। 

लेकिन, आखिरी ओवर उत्तराखंड के लिए बेहद महंगे साबित हुए और बाद में हार का कारण बने। आखिर के चार ओवर में निचले क्रम के बल्लेबाज शफीक उल्लाह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 149 रन तक पहुंचा दिया। शफीक ने 13 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन की पारी खेली। अंतिम दो ओवर में उत्तराखंड के गेंदबाजों ने 42 रन दिए। 

अफगानिस्तान ने निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 149 रन का स्कोर तय किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। तीसरे ओवर में 11 रन के स्कोर पर दो खिलाड़ी आउट हो गए थे। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज शुभम पुंडीर ने 45 रनों की पारी खेली। वहीं, मनीष गौड़ 11 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। 

भानु प्रताप ने कुछ अच्छे शॉट लगाकर मैच को रोमांचक बनाने का प्रयास किया। उन्होंने 14 रन बनाए और स्लो बॉल पर आउट हो गए। करनवीर, आर्य सेठी और धनराज खाता भी नहीं खोल सके। उत्तराखंड की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 125 रन ही बना सकी। 24 रन से मैच हार गई।

पहली बार मिला मौका 

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अंपायर सुनील चौहान के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच में पहली बार अंपायरिंग का मौका मिला। थोड़ी नर्वसनेस थी, लेकिन जब मैच शुरू हुआ तो निर्णय लेने में कोई दिक्कत नहीं आई। 

दो ओवर में लुटाए रन 

उत्तराखंड टीम के आल राउंडर वैभव पंवार के मुताबिक आखिर के दो ओवर में हमने बहुत रन दिए। अफगानिस्तान टीम देश के लिए खेल रहे थे तो उनका कॉन्फिडेंस लेवल बहुत हाई था। अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों के साथ खेलकर अच्छा अनुभव रहा। 

जीत के करीब पहुंचकर हारे

रणजी खिलाड़ी कुणाल चंदेला के अनुसार हम लोग जीत के काफी करीब थे, लेकिन बीच मे लगातार विकेट गिरे जिससे रन स्कोर नहीं हो सके। हमारी पारी के आखिरी दो ओवर महंगे साबित हुए। जिसका हमें खामियाजा भुगतना पड़ा।

यह भी पढ़ें: दून के क्रिकेट स्टेडियम में मैच की तैयारियों से पूर्व तेज गेंदबाज श्रीनाथ संतुष्ट

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान दून के क्रिकेट स्टेडियम में कराएगा अधिकांश मैच, जानिए वजह

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ उतरने को तैयार उत्तराखंड क्रिकेट टीम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।