विकासनगर : बिस्सू मेले से वापस लौट रही कार खाई में गिरी, चार की मौत और एक घायल
हाजा दसोऊ मार्ग पर एक वाहन सड़क दुर्घटना ग्रस्त हो गया। जिसमें पांच लोग सवार थे। स्थानीय लोगों एसडीआरएफ थाना पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा रेस्क्यू चलाकर वाहन सवार लोगों को मुख्य सड़क पर लाया गया।
संवाद सूत्र, साहिया (देहरादून) : देहरादून जिले के जौनसार क्षेत्र में एक कार के खाई में गिरने से चार व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। घायल को विकासनगर स्थित उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वाहन में पांच लोग सवार थे। ये सभी स्थानीय बिस्सू मेले से लौट रहे थे। मरने वालों में तीन एक ही परिवार के हैं।
जौनसार के दसौ गांव के पांच लोग शनिवार सुबह मोइला टाप में लगे बिस्सू मेला देखने गए थे। देर शाम लौटते हुए क्वानू-साहिया मार्ग पर गांव के पास ही उनकी कार गहरी खाई में जा गिरी। आसपास के ग्रामीणों को इसका पता चला तो वे दुर्घटनास्थल की ओर भागे और राहत कार्य शुरू किया।
एक ही परिवार के तीन लोग बने हादसे का शिकार
हादसे में प्रीतम सिंह व बरदावर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय चौहान, रणवीर सिंह और जय सिंह को एंबुलेंस से अस्पताल रवाना किया गया। संजय व रणवीर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि जय सिंह का उपचार चल रहा है। हादसे का शिकार बने संजय, रणवीर व बरदावर सिंह एक ही परिवार के थे।
रणवीर सिंह रेलवे में गाजियाबाद में तैनात थे, जबकि संजय बेंगलुरु में ऑडिट अधिकारी थे। चकराता के उपजिलाधिकारी चकराता सौरभ असवाल ने बताया कि रात को अधेरा गहराने के कारण राहत में भी मुश्किल रही। एसडीआरएफ की टीम ने टार्च की रोशनी में रेस्क्यू किया। एसडीएम ने बताया कि अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच की जाएगी।
शाम को सभी का हरिपुर के यमुना घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। चकराता के विधायक प्रीतम सिंह, विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान और जिलापंचायत अध्यक्ष मधु चौहान समेत कई जनप्रतिनिधियों ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।