Coronavirus: मणिपुर के 402 यात्रियों को लेकर दून से ट्रेन रवाना, 391 प्रवासी पहुंचे ऋषिकेश
देहरादून में फंसे मणिपुर के लोगों को श्रमिक स्पेशल ट्रेन मंगलवार सुबह 9 बजे देहरादून से रवाना हो गई। ट्रेन में देहरादून से 402 यात्री सवार हुए। यहां से छह बोगी में यात्री भेजे गए।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून में फंसे मणिपुर के लोगों को श्रमिक स्पेशल ट्रेन मंगलवार सुबह 9 बजे देहरादून से रवाना हो गई। ट्रेन में देहरादून से 402 यात्री सवार हुए। यहां से छह बोगी में यात्री भेजे गए। 10 बोगी खाली गई। रवाना होते हुए मणिपुर के यात्रियों में खुशी नजर आयी।
सुबह साढ़े छह के बाद यात्रियों का आना शुरू हुआ। पंजीकरण कराने वाले यात्रियों को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में स्क्रीनिंग के बाद बसों में रेलवे स्टेशन लाया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्लेटफार्म पर बने गोलों में लाइन लगवाकर कोचों में बैठाया गया। देहरादून से 531 लोगों के जाने की सूची थी, लेकिन केवल 402 ही पहुंचे।
ट्रेन में मुरादाबाद से छह बोगी और जुड़नी हैं। ट्रैन में सहारनपुर, मुरादाबाद व लखनऊ सभी मणिपुर के यात्री सवार होंगे। यात्रियों को सवार होने से पहले भोजन सामग्री, सेनिटाइजर, मास्क की किट भी वितरित की गई। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी व जवान तैनात रहे।
नोडल व मुख्य विकास अधिकारी नैतिक खंडेलवाल ने खुद मोर्चा संभाल रखा था। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों को ट्रेनों में बैठाने में सहयोग करते नजर आए। हालांकि, कई बार व्यवस्था बनाने के फेर में सामाजिक दूरी का पालन नहीं होता नजर आया।
खासकर अधिकारी ही नियम का पालन करते नजर नहीं आये। इसके अलावा बिहार के लिए भी दो ट्रेन रवाना होनी है। देहरादून से अररिया बिहार के लिए और खगरिया बिहार के लिए ये ट्रेन रवाना होंगे। दोनों ट्रेनों में 1152 प्रत्येक में यात्री जाने हैं।
391 प्रवासी पहुंचे ऋषिकेश
सूरत गुजरात से लाल कुआं हल्द्वानी पहुंचे 391 प्रवासियों को ले कर ट्रेन मध्य रात्रि ऋषिकेश पहुंची। इन सभी लोगों को बसों के जरिये यहां से पर्वतीय मार्ग पर भेजा जा रहा है। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में जहां इन लोगों को रखा गया है, वहां शारीरिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा है।
सूरत से स्पेशल ट्रेन बीते रोज हल्द्वानी लालकुआं पहुंची थी। इस ट्रेन में 391 लोग ऐसे थे जो गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों के रहने वाले हैं। इन्हें लेकर सोमवार की मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे लाल कुआं से ट्रेन ऋषिकेश पहुंची। सभी यात्रियों को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज केंद्र में पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown 4.0: हैदराबाद और कारगिल से उत्तराखंड पहुंचे यात्री
सुबह इन सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग व आवश्यक जांच की गई। तहसीलदार रेखा आर्य ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम की 17 बसें यहां लगाई गई है। इन बसों में हरिद्वार के लिए 12, देहरादून के लिए 20, पौड़ी 47, उत्तरकाशी 25, रुद्रप्रयाग 84, चमोली जनपद के लिए 203 लोगों को रवाना किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: अहमदाबाद से प्रवासियों को लेकर हरिद्वार पहुंची श्रमिक स्पेशल