Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Ayodhya Ram Mandir: देवभूमि में राम काज में जुटेंगे 32 संगठन, घर-घर जाकर श्रीराम के दर्शन के लिए करेंगे प्रेरित

    Updated: Wed, 27 Dec 2023 08:32 AM (IST)

    Ayodhya Ram Mandir अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देवभूमि उत्तराखंड में भी उत्साह का वातावरण है। यही नहीं आमजन को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन को प्रेरित भी किया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसे सफल बनाने के लिए भाजपा विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य सभी संगठनों ने अपने अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

    Hero Image
    देवभूमि में राम काज में जुटेंगे 32 संगठन, घर-घर जाकर श्रीराम के दर्शन के लिए करेंगे प्रेरित

    केदार दत्त, देहरादून। अयोध्या में भगवान श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देवभूमि उत्तराखंड में भी उत्साह का वातावरण है। इसे देखते हुए राज्य में सेवा कार्य में जुटे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी 32 संगठन एक से 15 जनवरी तक केवल और केवल राम काज में रत रहेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विश्व हिंदू परिषद की अगुआई में चलने वाले इस अभियान के दौरान इन संगठनों की टोलियां घर-घर संपर्क साधकर श्रीराम मंदिर का चित्र, अयोध्या में पूजित अक्षत और प्राण प्रतिष्ठा समारोह से संबंधित पत्रक बांटेंगे।

    श्रीराम के दर्शन के लिए करेंगे प्रेरित

    यही नहीं, आमजन को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन को प्रेरित भी किया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसे सफल बनाने के लिए भाजपा, विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य सभी संगठनों ने अपने अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

    तैयारियों को लेकर हो चुकी हैं समन्वय बैठक

    श्रीराम मंदिर में रामलला 22 जनवरी को विराजमान होने जा रहे हैं। इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद ने एक से 15 जनवरी तक देशभर में घर-घर संपर्क का अभियान लिया है। उत्तराखंड में भी इस अभियान के दृष्टिगत सभी जिलों में संघ के अनुषांगिक संगठनों की समन्वय बैठक हो चुकी हैं। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री अजय के अनुसार गांव से लेकर शहरों तक सभी जगह घर-घर संपर्क के लिए टोलियां तय हो गई हैं। ये सभी एक जनवरी से अपने कार्य में जुट जाएंगी।

    भाजपा निभाएगी सक्रिय भूमिका

    राज्य में इस अभियान में भाजपा सक्रिय भूमिका निभाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के अनुसार पार्टी ने एक से 15 जनवरी तक के सभी बड़े कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। सभी कार्यकर्ता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

    प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण देखेंगे राम भक्त

    विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री अजय के अनुसार अभियान के दौरान आमजन को वितरित किए जाने वाले पत्रक में सभी से 22 जनवरी को घरों, मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था करने का निवेदन किया जाएगा। साथ ही शंख ध्वनि, घंटानाद, आरती व प्रसाद वितरण करने को कहा जाएगा।

    इस बात पर विशेष जोर रहेगा कि कार्यक्रम का स्वरूप मंदिर केंद्रित रहे। मंदिरों में लोग भजन, कीर्तन, आरती व पूजा के साथ ही ‘श्रीराम जय राम, जय जय राम’ विजय महामंत्र का 108 बार सामूहिक जाप करें। इसके अलावा हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, रामरक्षा स्तोत्र का सामूहिक पाठ भी किया जा सकता है। इससे देवी-देवता प्रसन्न होंगे और वातावरण सर्वत्र सात्विक व राममय हो जाएगा।

    घरों में मनेगा दीपोत्सव

    भगवान श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के दिन सायंकाल को घरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। आमजन से अनुरोध किया जाएगा कि वे घर के सामने दीपक प्रज्वलित करें, दीपमालाएं सजाएं। इसके अलावा अभियान के दौरान राम भक्तों से यह अनुरोध भी किया जाएगा कि राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अपने अनुकूल समय अनुसार राम मंदिर के दर्शन के लिए परिवार सहित अयोध्या जाएं।

    यह भी पढ़ें: 

    Ramotsav 2024: 30 दिसंबर को त्रेतायुगीन वैभव में नजर आएगी रामनगरी, अयोध्या व आसपास के जनपदों में भी पीएम मोदी के स्वागत को लेकर उल्लास