धनतेरस पर टूटा रिकॉर्ड, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 25 दिन में बिके 22 हजार वाहन
देहरादून में धनतेरस पर वाहनों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया, 25 दिनों में 22 हजार से अधिक वाहन बिके। ...और पढ़ें

महज 25 दिनों में ही करीब 22 हजार नए वाहन बिक गए। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अंकुर अग्रवाल, देहरादून। दून के सड़कों पर इन दिनों सिर्फ वाहनों की आवाजाही ही नहीं बढ़ी, बल्कि नए वाहनों की खरीदारी का जुनून भी सिर चढ़कर बोल रहा है। नवरात्र से शुरू हुई त्योहारी खरीदारी ने धनतेरस तक ऐसा जोर पकड़ा कि महज 25 दिनों में ही करीब 22 हजार नए वाहन बिक गए।
धनतेरस पर ही छह हजार से अधिक वाहनों की बिक्री का अनुमान है। पिछले साल धनतेरस पर करीब पांच हजार वाहन बिके थे। यानी इस बार एक ही दिन में बिक्री का आंकड़ा करीब एक हजार वाहन आगे निकल गया।
एक ही दिन में बिक्री का आंकड़ा करीब एक हजार वाहन
खास बात यह कि दून में सालभर में औसतन 55 हजार वाहन बिकते हैं, लेकिन इस बार त्योहारी सीजन के महज 25 दिनों में ही सालाना बिक्री का लगभग 35 प्रतिशत आंकड़ा पार हो गया। पिछले साल जीएसटी दरों में कटौती के बाद आटो बाजार को मिली रफ्तार इस बार भी बरकरार रही।
वाहनों की कीमतों में राहत का असर ग्राहकों की खरीदारी की क्षमता और बाजार के भरोसे में दिखाई दिया। इसके साथ ही कंपनियों के नए माडल, आकर्षक फीचर और त्योहारी आफर ने मांग को और हवा दी। नवरात्र, दशहरा व करवाचौथ के बाद धनतेरस पर खरीदारी चरम पर पहुंच गई। शोरूमों में पहले से बुक वाहनों की डिलीवरी के साथ मौके पर खरीदारी करने वालों की भीड़ जुटी रही।
दोपहिया वाहनों ने पकड़ी सबसे तेज रफ्तार
धनतेरस पर दोपहिया बाजार में सबसे अधिक चहल-पहल रही। बाइक और स्कूटी खरीदने के लिए शोरूमों में सुबह से ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। पारिवारिक जरूरतों और रोजमर्रा के आवागमन के लिए लोगों ने नए वाहन खरीदे।
लोकप्रिय माडलों की मांग के चलते कई शोरूम में स्टाक कम पड़ गया। धनतेरस पर बिक्री के साथ दीपावली तक के लिए भी बड़ी संख्या में अग्रिम बुकिंग हुई। कारोबारियों के अनुसार, दोपहिया वाहनों की मांग ने इस बार त्योहारी कारोबार को विशेष मजबूती दी है।
कार बाजार में भी डिलीवरी की होड़
चारपहिया वाहनों के बाजार में भी धनतेरस पर जबरदस्त उत्साह रहा। छोटी कारों से लेकर एसयूवी तक ग्राहकों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार वाहन खरीदे। पहले से बुक कारों की डिलीवरी के लिए ग्राहक शोरूम पहुंचे तो कई ने मौके पर ही नई बुकिंग कराई।
लोकप्रिय माडलों की मांग उपलब्ध स्टाक से अधिक रहने के कारण कुछ ग्राहकों को डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। दीपावली तक की अग्रिम बुकिंग ने कार कारोबारियों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
इलेक्ट्रिक वाहनों की भी बढ़ी रफ्तार
पेट्रोल वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग भी लगातार बढ़ रही है। कम परिचालन खर्च और शहर के भीतर आवागमन की सहूलियत के चलते ग्राहकों का रुझान इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर बढ़ा है। धनतेरस पर ई-स्कूटर के शोरूमों में भी अच्छी आवाजाही रही। इससे साफ है कि दून के आटो बाजार में पारंपरिक वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक विकल्पों की हिस्सेदारी भी बढ़ रही है।
त्योहारी सीजन ने दिखाई बाजार की ताकत
दून में हर साल करीब 55 हजार नए वाहन बिकते हैं। ऐसे में 25 दिनों में करीब 22 हजार वाहनों की बिक्री बाजार की असाधारण रफ्तार को दर्शाती है। धनतेरस की बिक्री ने इस तेजी को और मजबूती दी है। शोरूमों में बुकिंग और डिलीवरी का सिलसिला जारी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक वाहन खरीदारी का उत्साह बना रहेगा।
त्योहारी सीजन ने आटोमोबाइल सेक्टर को बेहतरीन गति दी है। धनतेरस पर हमने 1100 से अधिक दुपहिया की बिक्री की, जबकि 11 मार्च से शुरू हुए नवरात्र के बाद से अब तक 6000 से अधिक वाहन बिक चुके हैं। पहली बार वाहन खरीदने वालों की संख्या अधिक रही। -रविंद्र बत्रा, चेयरमैन एसएल होंडा
धनतेरस पर हमने 1000 वाहनों की बिक्री की, जबकि नवरात्र से लेकर अब तक के त्योहारी सीजन में 5500 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई। नया दुपहिया खरीदने को ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह है। -रमिज उल्लाह, चेयरमैन सैफसन होंडा
धनतेरस पर महिंद्रा की 170 कारों की बिक्री की, जबकि त्योहारी सीजन में 1000 से अधिक कारें बेची जा चुकी हैं। स्थिति यह है कि प्रमुख माडल स्कार्पियो की लंबी वेटिंग जा चुकी है। -नितिन शर्मा, सीईओ डीडीपीएम
मारूति सुजुकी के प्रमुख माडल ब्रेजा व वैगनआर की मांग बरकरार है। धनतेरस पर 120 कारों की बिक्री हुई है जबकि अब तक 330 गाड़ियां बेची जा चुकी हैं। -अजय आनंद, जीएम सेल्स मारूति सुजुकी फ्यूचर आटो
टाटा की गाड़ियों में पिछले साल लांच हुई सफारी की डिमांड लगातार बनी हुई है। अन्य माडल भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं। धनतेरस पर हमने 100 कारें बेचीं जबकि नवरात्र से अब तक 500 से अधिक गाड़ियां बिक चुकी हैं। -राघव ओबराय, टाटा मोटर्स (ओबराय)
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, GRAP-3 लागू; निर्माण कार्यों पर रोक
यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर रहेगी QRT; 4 घंटे में फेक न्यूज का खंडन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।