Cantt Board: राजेंद्र कौर सौंधी दोबारा बनीं बोर्ड उपाध्यक्ष, छलक पड़े आंसू Dehradun News
राजेंद्र कौर दूसरी बार कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष पद के लिए चुन ली गईं। मैदान में उतरे दो उम्मीदवारों को समान मत मिलने के कारण बाद में पर्ची सिस्टम से फैसला हुआ।
देहरादून, जेएनएन। राजेंद्र कौर दूसरी बार कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष पद के लिए चुन ली गईं। मैदान में उतरे दो उम्मीदवारों को समान मत मिलने के कारण बाद में पर्ची सिस्टम से फैसला हुआ। अपने नाम की पर्ची निकलने पर सौंधी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। सौंधी अब अगले छह माह तक कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी।
बता दें, कैंट बोर्ड का कार्यकाल 20 फरवरी को खत्म हो गया था। नियमानुसार बोर्ड चलाने के लिए उपाध्यक्ष पद पर चुनाव होना जरूरी था। इसके लिए शनिवार को बोर्ड की विशेष बैठक बुलाई गई थी। बैठक में सभासदों ने बोर्ड के अध्यक्ष बिग्रेडियर एसएन सिंह व सचिव तनु जैन के समक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव का प्रस्ताव रखा। अध्यक्ष की अनुमति मिलने के काफी देर तक उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों पर सहमति बनाने की कोशिश होती रही।
बाद में उपाध्यक्ष पद के लिए सभासद कमलराज और निर्वतमान उपाध्यक्ष राजेंद्र कौर सौंधी नाम पटल पर रखा गया। कुछ सदस्यों की ओर से नामों पर सहमति न दिए जाने पर सौंधी, मेघा भट्ट, मीनू और मधु खत्री बोर्ड बैठक से जाने लगीं। इस पर अध्यक्ष की ओर से सभी सदस्यों को मिल बैठकर नाम तय करने को कहा गया। दोनों नाम पर सहमति बनने पर हाथ उठाकर अपना मत प्रदर्शित करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: भीम आर्मी ने भारत बंद के तहत निकाली रैली, किया प्रदर्शन
इस पर दोनों उम्मीदवारों के समर्थन में चार-चार सभासदों ने हाथ उठाए। दोनों को बराबर मत मिलने पर सभासदों ने पर्ची सिस्टम से चुनाव की मांग की। अध्यक्ष की ओर से हामी भरने के बाद दोनों उम्मीदवारों के नामों की पर्ची डाली गई। सभासद मीनू खत्री ने पर्ची उठाई तो सौंधी का नाम निकला।
यह भी पढ़ें: देश के संविधान से बड़ा कोई धर्म नहीं: सूर्यकांत धस्माना