बाजपुर से राजेंद्र और श्रीनगर से पूनम चुन गए कांग्रेस प्रत्याशी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने श्रीनगर नगरपालिका परिषद और बाजपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के पदों के लिए प्रत्याशी चुन लिए हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने श्रीनगर नगरपालिका परिषद और बाजपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के पदों के लिए प्रत्याशी चुन लिए हैं। पूनम तिवारी श्रीनगर और राजेंद्र सिंह गीते बाजपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने उक्त दोनों नगर निकायों के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित करने के बाद अपने प्रत्याशियों का चयन भी कर लिया है।
गौरतलब है कि पार्टी पिछले तीन दिनों से संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन कर रही थी। बीते साल हुए नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी दो निकायों श्रीनगर नगरपालिका परिषद और बाजपुर नगरपालिका परिषद को भी अपने पाले में खींचने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। दोनों निकायों के लिए पर्यवेक्षकों की ओर संभावित प्रत्याशियों के बारे में रिपोर्ट पार्टी को सौंपी गई थी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बीते दो दिन तमाम दावेदारों के नाम पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन हुआ।
श्रीनगर निकाय के लिए पूनम तिवारी, डा धनयस्वरी तोमर, बसंती जोशी, राजेश्वरी रावत व मीना रावत ने दावेदारी पेश की थी। वहीं बाजपुर निकाय के लिए गुरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह बेरी, साबिर हुसैन, नासिर हुसैन व मोहम्मद मकसूद ने दावेदारी पेश की थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि उक्त दोनों निकायों के लिए पार्टी प्रत्याशी चयनित कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: शीर्ष नेतृत्व के समक्ष युवक कांग्रेस में गुटबाजी आई सामने Dehradun News
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में छह जुलाई से भाजपा का सदस्यता अभियान, घोषित किए जिला सदस्यता
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप