Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    स्पीकर ने भर्तियों में भी किया घोटाला: चौहान

    By Edited By:
    Updated: Wed, 23 Nov 2016 01:00 AM (IST)

    राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल को एक बार फिर निशाने पर लिया ह

    राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल को एक बार फिर निशाने पर लिया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने विधानसभा में भर्ती घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा में हुई 97 भर्तियों में से 70 फीसद नियुक्तियां विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर के लोगों की हैं। वन विकास निगम में हुई भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भर्ती करने की प्रक्रिया चल रही है, वे अभी से निगम में कार्य कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के घोटालों की फेहरिस्त और लंबी होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने विधानसभा क्षेत्र में विवेकाधीन का दुरुपयोग करने वाले विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भर्ती में भी घोटाला किया है। विधानसभा में हुई भर्ती में 70 फीसद लोग जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हैं। इनके केवल डाक पते बदले गए हैं। यह आंकड़ा दो माह पहले का है और यह संख्या बढ़ भी सकती है। इसी प्रकार वन विकास निगम में भी भर्ती घोटाला किया गया है। इतना ही नहीं वन विकास निगम ने सीएसआर के तहत करोड़ों रुपये निगम के अध्यक्ष हरीश धामी के क्षेत्र में खर्च किए हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं कि विवेकाधीन कोष खर्च करना विधानसभा अध्यक्ष का विवेक है। वन विकास निगम के अध्यक्ष एक ही क्षेत्र में खर्च कर रहे हैं। उन्होंने सवाल दागा कि क्या कांग्रेस का उत्तराखंड में काम करने का तरीका यही है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आचरण एक हारे हुए जुआरी की तरह है जो अपना सब कुछ दांव पर लगा देता है। मुख्यमंत्री भी पूरे उत्तराखंड को दांव पर लगा रहे हैं। भाजपा सरकार पर लगातार घपले और घोटालों का आरोप लगा रही है। कैग की रिपोर्ट ने भी भाजपा के आरोपों पर मुहर लगाई है।

    कांग्रेस की यात्रा टांय-टांय फिस्स

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की सतत संकल्प यात्रा टांय-टांय फिस्स हो रही है। हालात यह हैं कि पहले ही दिन भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस को डांसर बुलाने पड़े। भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह है जबकि कांग्रेस नाच-गाने तक ही सीमित है।