विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नायकखेड़ा गलियारा परियोजना से टनकपुर में आएगी समृद्धि और खुशहालीः सतपाल महाराज

Published: Sun, 04 Oct 2026 12:11 AM (IST)

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने टनकपुर में निर्माणाधीन नायकखेड़ा पारिस्थितिक गलियारा परियोजना का निरीक्षण किया। यह परियोजना 85.23 करोड़ की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मंत्री सतपाल महाराज ने नायकखेड़ा गलियारा परियोजना का निरीक्षण किया।

  2. 85.23 करोड़ की लागत से बाढ़ सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा।

  3. 3.7 किमी बाढ़ सुरक्षा दीवार, 950 मी दो-लेन सड़क निर्माण।

संवाद सहयोगी, जागरण, चंपावत। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने टनकपुर में ''नायकखेड़ा पारिस्थितिक गलियारा परियोजना'' के अंतर्गत निर्माणाधीन बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन कार्यों का तथा किरोड़ा नाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नायकखेड़ा 85.23 करोड़ की लागत से निर्मित इस परियोजना के अस्तित्व में आने के बाद बाढ़ सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

शनिवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे कैबिनेट मंत्री महाराज ने बताया कि यह क्षेत्र अत्यधिक बाढ़ संवेदनशील रहा है, जिसे आपदा-रोधी बनाने और बाढ़ जोखिम को कम करने के उद्देश्य से यह महत्वाकांक्षी परियोजना संचालित की जा रही है।

परियोजना के अंतर्गत 3.7 किलोमीटर लंबी बाढ़ सुरक्षा दीवार और 1000 मीटर लंबी दो डायाफ्राम दीवारों का निर्माण कार्य संपन्न किया जा रहा है। इसके साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए 950 मीटर लंबी दो-लेन सड़क का निर्माण भी शामिल है।

इस योजना के पूर्ण होने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की लगभग 33.5 हेक्टेयर भूमि का पुनरुद्धार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 30 एकड़ क्षेत्रफल में हरित क्षेत्र (ग्रीन ज़ोन), लैंडस्केप, एडवेंचर ज़ोन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, इस स्थल पर पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक खेल गतिविधियों के संचालन के कारण यह क्षेत्र पर्यटन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सुरक्षा बुनियादी ढांचे एवं पर्यटन सुविधाओं में सुधार से यहां साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता सुभाष चन्द्र पांडेय, अधीक्षण अभियंता एचसी सिंह, अधिशासी अभियंता आरडी भट्ट, अपर सहायक अभियंता राम नवीश सिंह राणा, सहायक अभियंता वैभव सिंघल, अपर सहायक अभियंता नीतू जोशी, विजय सिंह राणा, सतीश कुमार उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सरकार का संकल्प: विकास और विरासत का संतुलन, चंपावत बनेगा आदर्श जिला

यह भी पढ़ें- चंपावत कैबिनेट बैठक: धामी सरकार की तैयारी पूरी, आज से बनबसा पहुंचेंगे मंत्री और अफसर