दूर-दूर तक कोई रोशनी नहीं और कांग्रेस में सीएम बनने के लिए 40 लोगों की लाइन : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में सीएम बनने के लिए 40 लोग लाइन में हैं, जबकि राहुल गांधी अजीत डोभाल पर टिप्पणी पर चुप हैं।
-1795436916206_m.webp)
HighLights
कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी की टिप्पणी पर चुप्पी का आरोप।
चंपावत में ₹165 करोड़ की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण।
नकल माफिया पर कार्रवाई, 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी।
जागरण संवाददाता, चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए 40 लोग लाइन में लगे हैं, लेकिन दूर-दूर तक कोई रोशनी दिखाई नहीं दे रही है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की ओर से उत्तराखंड के लाल और देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत हैं? यदि सहमत नहीं हैं तो खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रखते। उन्होंने कहा कि कुर्सी जाने के डर से नेता अपने युवराज की हां में हां मिला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता सुख भोगने का माध्यम है, जबकि भाजपा के लिए राजनीति सेवा का माध्यम है। विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री सोमवार को चंपावत में 165 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में ये विकास के मील का पत्थर साबित होंगी।
चंपावत का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि अगले 50 वर्षों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जा रहा है। लक्ष्य चंपावत को आधुनिक और सुविधासंपन्न जिला बनाना है।
उन्होंने कहा कि टनकपुर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए 21 किलोमीटर लंबी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। टनकपुर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में 107 करोड़ रुपये से शारदा घाट का पुनर्विकास किया जा रहा है।
टनकपुर और बनबसा के आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ड्राई पोर्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
चांदनी के कठुआबाड़ी में 30 एकड़ भूमि पर मिनी सिडकुल विकसित किया जाएगा। बनबसा में 220 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण भी प्रगति पर है। शारदा कॉरिडोर की परियोजना तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की है।
नकल माफिया पर कार्रवाई, 36 हजार युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। अब तक 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। प्रदेश में अब तक 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उत्तराखंड का नकल विरोधी कानून देश के लिए उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को एक नौकरी के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था, जबकि अब एक साथ चार-चार नौकरियों में चयन का अवसर मिल रहा है। प्रदेश के हित में दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे फैसले लिए गए हैं। अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अंकिता मामले में कांग्रेस कर रही राजनीति
मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण पर कहा कि घटना के दिन ही तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामले की जांच के लिए एसआइटी गठित की गई और तीनों आरोपितों को उम्रकैद की सजा हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवेदनशील मामले पर राजनीति कर रही है और पीड़िता की आत्मा को बार-बार झकझोरकर अपनी पार्टी को जिंदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाकर जनता के जनादेश का अपमान करती है। अवैध घुसपैठ और कब्जों पर कार्रवाई का भी विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मंत्र बांटो और राज करो है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के झूठ और षड्यंत्र के आगे सरकार न झुकेगी और न ही प्रदेश के विकास की रफ्तार रुकने देगी। सरकार के काम और सकारात्मक बदलाव ही विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।