चंपावत के बनबसा में सोमवार से अग्निवीर भर्ती रैली का आगाज पिथौरागढ़ के अभ्यर्थी भी होंगे शामिल
बनबसा सैन्य स्टेशन में आज से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो रही है, जिसमें चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।

संवाद सूत्र, जागरण, बनबसा (चंपावत)। बनबसा सैन्य स्टेशन में आज से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती में चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। चंपावत के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों के लिए 26 और 27 नवंबर की तिथियां निर्धारित हैं।
दोनों जनपदों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेडमैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी।
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबड़घाव ने बताया कि वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैलियों की श्रृंखला में यह तीसरी भर्ती रैली है।
उन्होंने बताया कि भर्ती का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है। पिथौरागढ़ जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थियों की भर्ती 23, 24 और 25 नवंबर को होगी।
कर्नल अमोल ने बताया कि भर्ती रैली में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून 2026 तक आयोजित आनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है।
अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र में दर्ज तिथि और समय पर बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचें। उन्होंने प्रवेश पत्र के साथ भर्ती अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लेकर आने को कहा है।
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में 23 नवंबर से होगी अग्निवीर भर्ती, चम्पावत समेत 2 जिलों के 4492 युवा होंगे शामिल
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अग्निवीर योजना रद कर नियमित सैन्य भर्ती बहाल करने की मांग की