टनकपुर-चंपावत हाईवे पर स्वाला–धौन के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त, पांच घायल
चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला और धौन के बीच रविवार तड़के एक वाहन खाई में गिर गया, जिससे चालक सहित पांच यात्री घायल हो गए। चार घायलों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री का बचाव कार्य जारी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत। चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला और धौन के बीच रविवार तड़के करीब तीन बजे एक वाहन के खाई में गिरने से चालक सहित पांच यात्री घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस और 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
चार घायल सुरक्षित सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक यात्री का रेस्क्यू चल रहा है। घालयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। टनकपुर से चंपावत की ओर आ रहा यात्री वाहन संख्या- यूपी- 32 एमसी, 7924 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में पांच लोग सवार थे।
जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डीसीआर) से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) शामिल हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को निकालने का प्रयास जारी है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है। मौके पर प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, फायर स्टेशन चंपावत और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। 108 एम्बुलेंस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
यह भी पढ़ें- कोटद्वार हादसा: आठ मौतों से गांव में पसरा सन्नाटा, आज हरिद्वार में होगा सभी महिलाओं का अंतिम संस्कार
यह भी पढ़ें- मॉक ड्रिल: कैंचीधाम में भगदड़... जमरानी की सुरंग में हादसा, नैनीताल में 14 जगहों पर परखी तैयारियां