चंपावत में घर से 50 मीटर दूर घात लगाए बैठा था गुलदार, 13 साल के किशोर को बनाया निवाला
चंपावत के लोहाघाट में गुलदार ने घर से महज 50 मीटर दूर घात लगाकर 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को अपना निवाला बना लिया।

मौत के बाद बिलखते स्वजन। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत। लोहाघाट में गुलदार का आतंक लगातार लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। ग्राम पंचायत सुई पऊ के डूंगरी तोक में बुधवार रात गुलदार ने एक 13 वर्षीय किशोर को अपना निवाला बना लिया। घर से महज 50 मीटर पहले घात लगाए बैठे गुलदार ने किशोर पर अचानक हमला कर दिया और उसे उठाकर झाड़ियों की ओर ले गया। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय हर्षित पुजारी पुत्र गंगादत्त पुजारी निवासी डूंगरी तोक, सुई पऊ बुधवार शाम करीब 6:30 बजे राइकोट से मेला देखकर घर लौट रहा था। घर से महज 50 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही अंधेरे में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया।
इससे पहले कि किशोर कुछ समझ पाता, गुलदार उसे दबोचकर घसीटते हुए ले गया। काफी देर तक हर्षित के घर नहीं पहुंचने पर स्वजन चिंतित हो गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की।
गांव के आसपास काफी खोजबीन के बाद रात करीब 9:30 बजे किशोर का शव घर से लगभग 50 मीटर नीचे खेतों के पास मिला। गुलदार ने किशोर के पेट और जांघ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। उसके गले पर भी दांतों के गहरे निशान मिले। ग्रामीण आनन-फानन में उसे उप जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
दो बहनों का इकलौता भाई था हर्षित
हर्षित दो बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत से मां नीमा पुजारी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं।
घर के इतने करीब गुलदार के हमले में किशोर की मौत से ग्रामीणों में भारी दहशत है। क्षेत्रवासियों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पौड़ी में पांच साल की मासूम को उठा ले गया गुलदार, फूटा जनाक्रोश... विधायक की गाड़ी पर चढ़ी 'दादी'
यह भी पढ़ें- कोटद्वार में बच्ची को घर के आंगन से ले भागा गुलदार, मां ने जान पर खेलकर बेटी को सुरक्षित बचाया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।