यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड के इस हिल स्टेशन से करें नए साल का स्वागत, पहाड़ी व्यंजनों का चखें स्वाद; दो से छह हजार के बीच पैकेज
New Year 2025 Celebration नव वर्ष 2025 को औली में मनाएं और बर्फबारी का आनंद लें। उत्तराखंड के इस खूबसूरत ...और पढ़ें

HighLights
- स्थानीय होटल 70 प्रतिशत से अधिक अग्रिम बुकिंग
- 2000 से 6000 हजार तक प्रति व्यक्ति के पैकेज
संवाद सहयोगी, जागरण, गोपेश्वर: New Year 2025 Celebration: चमोली जिले में पर्यटन स्थल औली के साथ बदरीनाथ की शीतकालीन पूजा स्थलों में भी पर्यटकों, तीर्थयात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। ताजा बर्फबारी के बाद तो नव वर्ष तक यहां देश विदेश के से सैर करने वालों की भीड़ लगने की उम्मीद है। स्थानीय होटल 70 प्रतिशत से अधिक अग्रिम बुकिंग हो चुकी है।
पर्यटन कारोबारी भी नव वर्ष के आगमन को यादगार बनाने के लिए स्थानीय व्यंजनों के साथ स्थानीय लोक गीतों, लोक नृत्यों को अपने पैकेज में रख रहे हैं। बताया गया कि एक व्यक्ति का औसतन सामान्य श्रेणी में चार हजार से अधिक रुपए का खर्च एक रात्रि का आने की उम्मीद है। होटल कारोबारियों द्वारा सस्ते पैकेज बनाकर पर्यटकों को लुभाया जा रहा है।
ताजा बर्फबारी के बाद नव वर्ष का जश्न यादगार होने की उम्मीद
वैसे तो नव वर्ष में औली, ज्योतिर्मठ क्षेत्र में पर्यटकों की भीड़ रहती है। लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद तो औली में नव वर्ष का जश्न यादगार होने की उम्मीद है। बर्फ की मोटी चादर के बीच स्कीइंग, जंगलों में ट्रेकिंग ,घुड़सवारी आदि का आनंद पर्यटकों को अलग एहसास कराता है। बताया गया कि पर्यटन कारोबारियों द्वारा बडे़ ग्रुपों के लिए 2000 से 6000 हजार तक प्रति व्यक्ति के पैकेज बनाए गए हैं। जिसमें ठहरने, भोजन, मनाेरंजन की व्यवस्थाएं भी हैं।
.jpg)
औली में होम स्टे संचालकों द्वारा भी पहाड़ी व्यंजन जैसे नाश्ते में मंडुवे की रोटी, हरी सब्जी, गहथ की मिक्स रोटी, झंगोरे की खीर, भंगजीरे की चटनी के साथ रात्रि को राजमा, भट्ट का राबडा, चौंसा, स्थानीय लाल चावलों का भात, जैविक घराट पर पिसे आटे की रोटियां उपलब्ध कराने के पैकेज बनाए गए हैं।
बताया गया कि इसके अलावा उपहार में घर तक ले जाने के लिए मिठाई के रुप में रोटना व अरसा भी बनकर तैयार हैं। इन्हें रिंगाल की टोकरी में पैक कर पर्यटकों को दिया जाएगा। औली में लगभग पांच हजार से अधिक लोगों की रहने की व्यवस्था है।
60 प्रतिशत से अधिक की बुकिंग अग्रिम
यहां पर ज्योतिर्मठ के सुनील से लेकर औली परसारी तक होम स्टे, होटल, रिसॉर्ट सज कर तैयार हैं। क्रिसमस पर बर्फ का सेंटा क्लोज का भी आयोजन किया जा रहा है। औली में होटल एसोसिएशन द्वारा पर्यटकों के लिए स्थानीय लोक गीत व परंपरागत लोक नृत्य का भी आयोजन किया जा रहा है। बताया गया कि पर्यटक भी औली के पर्यटन कारोबारियों के इन लुभावने पैकेजों को हाथों हाथ ले रहे हैं।
होटल कारोबारी अजय भट्ट का कहना है कि नव वर्ष के लिए 60 प्रतिशत से अधिक की बुकिंग अग्रिम हो चुकी है। ताजा बर्फबारी ने तो औली का दीदार करने के लिए पर्यटकों को मजबूर कर दिया है। पर्यटकों की लगातार आमद से ज्योतिर्मठ, क्षेत्रपाल, पीपलकोटी, चमोली सहित अन्य जगहों में भी तीर्थस्थलों व पर्यटन स्थलो में पर्यटकों की आवाजाही हो रही है।