राजमिस्त्री के बेटे ने रचा इतिहास, बिना कोचिंग एनडीए में हिमांशु पंवार का सिलेक्शन
नारायणबगड़ के बमियाला गांव के हिमांशु पंवार ने बिना किसी कोचिंग के राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में चयन होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

राजमिस्त्री के बेटे हिमांशु ने बिना कोचिंग एनडीए में पाई सफलता।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, नारायणबगड़। विकासखंड के सुदूरवर्ती बमियाला गांव निवासी हिमांशु पंवार ने बिना कोचिंग के राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में चयन पाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
हिमांशु की प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। उन्होंने हाईस्कूल श्री नंदा देवी जनता इंटर कालेज, कफोली और इंटरमीडिएट राजकीय इंटर कालेज, नारायणबगड़ से किया।
इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए अपने मामा रणजीत सिंह के पास देहरादून चले गए। स्कूली दिनों से सेना में अफसर बनने का सपना देख रहे हिमांशु ने वहीं पढ़ाई के साथ एनडीए की तैयारी की।
देहरादून की लाइब्रेरी में पढ़ाई कर तैयारी जारी रखी
परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण वह महंगी कोचिंग नहीं ले सके। ऐसे में उन्होंने देहरादून की लाइब्रेरी में पढ़ाई कर तैयारी जारी रखी। उनके पिता गजे सिंह पंवार राजमिस्त्री हैं और मां रामी देवी गृहिणी हैं।
परिवार में हिमांशु इकलौते बेटे हैं। उनसे बड़ी दो बहनें हैं, जिनमें एक का विवाह हो चुका है। ग्राम प्रधान हिमानी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता देवी, चचेरे भाई एवं पूर्व शिक्षक दलवीर सिंह पंवार और ग्रामीण कृपाल सिंह ने हिमांशु को बधाई देते हुए उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।