सादगी की मिसाल: दो एसडीएम ने वैदिक रीति से रचाई शादी, मंत्रोच्चार के बीच उमा देवी मंदिर में लिए सात फेरे
कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने उमा देवी मंदिर में सादगी से विवाह किया।

उमा देवी मंदिर में कर्णप्रयाग एसडीएम अलकेश नौडियाल संग याक्षी अरोड़ा ने लिए फेरे। जागरण
HighLights
कर्णप्रयाग एसडीएम अलकेश नौडियाल और याक्षी अरोड़ा का विवाह।
उमा देवी मंदिर में सादगीपूर्ण वैदिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुई शादी।
बिना भव्य टेंट, डीजे के समाज को दिया प्रेरणादायक संदेश।
जागरण संवाददाता, कर्णप्रयाग। जहां एक ओर लोग शादी समारोह को भव्य बनाने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं, वहीं दो एसडीएम ने मंदिर में सादगी से सात फेरे लेकर बड़ा संदेश दिया है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की एसडीएम याक्षी अरोड़ा शुक्रवार को पौराणिक उमा देवी मंदिर में वैवाहिक बंधन में बंधे।
इस शादी समारोह की विशेषता यह रही कि न भव्य टेंट था न ही डीजे और भीड़। मंदिर की घंटियों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने परंपरागत रीति-रिवाजों से यह आयोजन किया। समारोह में दोनों परिवारों के सीमित संख्या में स्वजन और करीबी लोग शामिल हुए।
उत्तरकाशी के पुरोला तहसील के पुजेली कुमोला गांव निवासी अलकेश नौडियाल और काशीपुर निवासी याक्षी अरोड़ा वर्ष 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। अलकेश इसी वर्ष अप्रैल में कर्णप्रयाग एसडीएम बने। उनके पास हाल ही में संपन्न हुए ऐतिहासिक गोचर मेले की जिम्मेदारी भी थी।
अलकेश नौडियाल ने कहा कि उन्हें दिखावा पसंद नहीं है, इसलिए सादगी से यह आयोजन किया गया। विवाह के बाद नगर के एक होटल में रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें तहसील और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हुए। पंडित नरेश पुजारी ने विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं।
उन्होंने बताया कि उमा देवी मंदिर उत्तराखंड का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां मां उमा भगवान शिव के साथ विराजमान हैं और गर्भगृह में पूरे शिव परिवार की पूजा होती है। बता दें कि इससे पहले चमोली के जिलाधकारी रह चुके डा. संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर के प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सादगीपूर्ण समारोह में विवाह किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।