आज से गूंजेगी शहनाई: देवउठानी एकादशी पर एक ही दिन में 500 से ज्यादा जोड़े लेंगे सात फेरे
मुरादाबाद में देवउठानी एकादशी से विवाह सहालग शुरू हो रहा है, जिसमें आज 500 से अधिक शादियां होने का अनुमान है। शहर के बैंक्वेट हॉल, बैंड-बाजा और हलवाई पूरी तरह तैयार हैं, शुभ मुहूर्त में मांगलिक कार्य संपन्न होंगे।

एआई इमेज
HighLights
बैंक्वेट हाल घराती-बरातियों के स्वागत के लिए तैयार, बैंड-बाजा, हलवाई और पंडित अगले एक महीने तक रहेंगे व्यस्त
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। देवउठानी एकादशी से जिले में विवाह सहालग शुरू हो रहा है। शुभ मुहूर्त और अनसूझ सहालग के चलते शहर में शादी समारोहों की धूम रहने की उम्मीद है। अनुमान है कि इस दिन 500 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। कांठ रोड, दिल्ली रोड और रामपुर रोड समेत शहर के छोटे-बड़े करीब 500 बैंक्वेट हाल हैं, जिनमें अधिकतर की बुकिंग हो चुकी है। खाली मैदानों में भी विवाह आयोजन होंगे।
बैंक्वेट हाल संचालकों से लेकर कैटरिंग, हलवाई और बैंड-बाजा संचालकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कहीं प्रवेश द्वार फूलों और रंगीन रोशनी से सजाए गए हैं, तो कहीं बैंड-बाजा संचालक बग्गी और ट्रालियां चमका रहे हैं।
हलवाइयों ने कारीगरों की टीमें तैयार की हैं। बाजारों में भी शादी की खरीदारी का उत्साह दिखने लगा है। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठानी एकादशी कहा जाता है।

मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार महीने की निद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही विवाह और अन्य मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं। परिवारों ने कई महीने पहले बैंक्वेट हाल बुक करा लिए हैं।
अधिकांश शादियां रात में होंगी और बारातें धूमधाम से निकलेंगी। पंडित एक दिन में कई विवाह समारोहों में मांगलिक कार्य संपन्न कराएंगे।बैंक्वेट हाल संचालक देवेंद्र चावला ने बताया कि साफ-सफाई और सजावट पूरी कर ली गई है।
प्रवेश द्वार से स्टेज तक फूलों और रंगीन लाइटों से सजावट की गई है। मेहमानों के बैठने और भोजन की व्यवस्था भी दुरुस्त है। पहले दिन कई आयोजन होने की उम्मीद है।

बैंड-बाजा संचालक मुहम्मद रज्जाक के अनुसार, वाद्ययंत्रों की मरम्मत और सफाई करा ली गई है। कलाकार अभ्यास कर रहे हैं और टीम तैयार है। कैटरिंग संचालक मनोज अग्रवाल ने बताया कि मिठाइयों और पकवानों के लिए सामान जुटाया जा रहा है। मेहमानों की संख्या के अनुसार भोजन और कर्मचारियों की व्यवस्था होगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि देवउठानी एकादशी 20 नवंबर को है। विवाह के मुहूर्त 20 नवंबर से शुरू होंगे। नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को शुभ मुहूर्त हैं।
दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह होंगे। 12 दिसंबर इस साल के शीतकालीन सहालग का आखिरी दिन होगा। 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने पर विवाह आयोजन रुक जाएंगे। नए साल में 15 जनवरी 2027 से शुभ मुहूर्त फिर शुरू होंगे।