विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chamoli Accident: कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्‍त, वाहन में थे 10 सवार; तीन की मौत

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sat, 15 Jul 2023 12:33 PM (IST)Updated: Sat, 15 Jul 2023 02:05 PM (IST)

Chamoli Accident चमोली जिले के कर्णप्रयाग ग्वालदम मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया है। बताया जा रहा ...और पढ़ें

Chamoli Accident: बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया है।
Chamoli Accident: बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया है।

टीम जागरण, चमोली: Chamoli Accident:  कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर धनियाधार के पास शनिवार सुबह बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।

घायलों को एसएसबी और पुलिस जवानों ने खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालदम में भर्ती कराया। इनमें से मां-बेटी समेत तीन गंभीर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ, बागेश्वर रेफर कर दिया गया। मृतकों में एक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई।

कर्णप्रयाग से ग्वालदम जा रहा बोलेरो वाहन शनिवार को सुबह 11 बजे थराली से 15 किलोमीटर दूर ग्वालदम की ओर धनियाधार में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इसमें सवार दो लोगों 55 वर्षीय राजेंद्र चौधरी निवासी झवहाटोला, बिहार हाल निवासी तलवाड़ी और 43 वर्षीय सरस्वती देवी निवासी रैतोली श्रीकोट जनपद बागेश्वर की मौत हो गई।

इसके अलावा, साधुवेशधारी एक अन्य व्यक्ति की भी अस्पताल में मौत हुई, जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। हादसे में 28 वर्षीय चालक रोहित निवासी बेनोली थराली, 19 वर्षीय कु. अनिता निवासी ग्राम दाबो ग्वालदम और उसकी माता 43 वर्षीय फुनी देवी निवासी दाबो के अलावा 21 वर्षीय गौरव पांडे निवासी ग्राम जोला, 45 वर्षीय अमित नेगी निवासी ग्राम उतरों कर्णप्रयाग, 47 वर्षीय हरेंद्र सिंह रावत निवासी ग्राम थाला, प्रवीण निवासी मयूर विहार फेस वन दिल्ली घायल हो गए।

इनमें से तीन घायल अमित नेगी, फुनी देवी और अनीता को हायर सेंटर बैजनाथ बागेश्वर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष थराली देवेंद्र सिंह रावत, उप जिलाधिकारी रविंद्र जुवाठा, तहसीलदार प्रवीन नेगी, एसएसबी के जवानों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया वहीं तलवाड़ी के स्थानीय लोगों ने भी घायलों को सड़क तक पहुंचाने में मदद की।