विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदरीनाथ में मां महालक्ष्मी की विशेष पूजा शुरू, शीतकाल के लिए निमंत्रण रावल की अनूठी परंपरा, सोमवार रात को बंद होंगे कपाट

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:08 PM (IST)

बदरीनाथ धाम में बर्फबारी के बीच पंच पूजा के चौथे दिन मां महालक्ष्मी की विशेष पूजा हुई, उन्हें शीतकाल के ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, जागरण, गोपेश्वर (चमोली)। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में रविवार को हुई ताजा बर्फबारी से बदरी पुरी सफेद चादर में ढक गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भगवान बदरी विशाल के प्रति आस्था लेकर तीर्थयात्री बर्फ के फाहों के बीच सिंहद्वार के बाहर दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे।

श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच दर्शन का आनंद लिया। कपाट बंद होने से पहले आयोजित पंच पूजा के चौथे दिन रविवार को मंदिर परिसर स्थित मां महालक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और माता को कढ़ाई प्रसाद अर्पित किया गया।

परंपरा के अनुसार, इस दिन मुख्य पुजारी रावल मां महालक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के साथ शीतकाल के लिए गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण देते हैं। विधि-विधान से पूजा कर माता से भगवान श्रीहरि नारायण के सानिध्य में गर्भगृह में विराजमान होने की प्रार्थना की गई।

मान्यता है कि कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में भगवान बदरी विशाल के साथ मां महालक्ष्मी भी गर्भगृह में विराजमान रहती हैं। पंच पूजा की अंतिम प्रक्रिया सोमवार को संपन्न होगी और कपाट बंद करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचेंगी।

प्रभारी मंदिर अधिकारी राकेश सेमवाल ने बताया कि कपाट बंद करने की प्रक्रिया के तहत सोमवार, 16 नवंबर को प्रातः चार बजे श्री बदरीनाथ मंदिर खुलेगा। अभिषेक पूजा के बाद मंदिर दिनभर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। दोपहर 12 बजे भोग लगेगा।

शाम सात बजे से पूजाएं संपन्न होने के बाद रात आठ बजे कपाट बंद करने की प्रक्रियाएं शुरू होंगी। रात नौ बजकर 37 मिनट पर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे।

इस यात्रा वर्ष बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद जारी है। अब तक करीब 23 लाख 30 हजार श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। पंच पूजा के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य देवी प्रसाद देवली, राकेश भंडारी, धीरज पंचभैया मोनू तथा मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ मौजूद रहे।

इसके साथ ही मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, संदीप कपरवाण, लेखाकार भूपेंद्र रावत, डा. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संदेश मेहता, संजय तिवारी, राहुल नेगी, राकेश झिंक्वाण प्रमोद मिश्रा, अजीत भंडारी, योगंबर नेगी, सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।

छह माह तक भगवान बदरीविशाल के सानिध्य में विराजती हैं माता लक्ष्मी, रावल धारण करते हैं स्त्री वेश

बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान कई अनूठी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाता है। इन्हीं में एक विशेष परंपरा मुख्य पुजारी (रावल) के स्त्री वेश धारण करने की भी है।

इस परंपरा के तहत रावल माता लक्ष्मी की सखी का रूप धारण कर उनके विग्रह को लक्ष्मी मंदिर से उठाकर भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान करते हैं। इसके बाद शीतकाल के छह माह तक माता लक्ष्मी भगवान बदरीविशाल के सानिध्य में विराजमान रहती हैं।

पंच पूजाओं के अंतिम दिन कपाट बंद होने से ठीक पहले यह विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। इस दौरान बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी की सखी बनते हैं और उनके विग्रह को गर्भगृह में विराजमान कराते हैं।

20 कुंतल फूलों से हो रहा है बद्रीनाथ मंदिर का श्रृंगार

बद्रीनाथ धाम में कपाट बंदी के उत्सव को यादगार बनाने के लिए बद्रीनाथ मंदिर को रंग बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है। श्री बदरी- केदार पुष्प सेवा समिति ऋषिकेश से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा श्री बदरीनाथ मंदिर का फूलों से श्रृंगार किया जा रहा।

इसके लिए 20 क्विंटल से अधिक फूलोंका प्रयोग किया जा रहा है। गेंदा, गुलाब, कमल, गुड़हल, मोगरा, चमेली, पारिजात आदि फूलों से मंदिर का श्रृंगार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ-औली में बर्फबारी से तीर्थयात्री और पर्यटक उत्साहित ठंड ने दी दस्तक

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने में एक दिन, बर्फबारी से हुआ भगवान बदरी विशाल का श्रृंगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।