Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Panchayat Chunav: बागेश्वर में पत्नी बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष, पति की रह गई ग्राम प्रधान बनने की चाह

    Uttarakhand Panchayat Chunav बागेश्वर में शोभा आर्या जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं जबकि उनके पति ग्राम प्रधान बनने की तैयारी कर रहे थे। भाजपा ने उन्हें वज्यूला सीट से चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख होने के कारण उन्हें लाभ मिला। उनकी नियुक्ति से जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। विस्‍तार से पढ़ें पूरी खबर।

    By ghanshyam joshi Edited By: Nirmala Bohra Updated: Thu, 14 Aug 2025 09:00 PM (IST)
    Hero Image
    बागेश्वर में जिला पंचायत में बनी भाजपा की सरकार। जागरण

    जासं, बागेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं शोभा आर्या वर्ष 2008 में भाजपा की सदस्य बनीं। तुरंत वह गरुड़ विकास खंड की ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हो गईं। उनका कार्यकाल सफल रहा। पांच वर्ष की सक्रिय राजनीति के बाद वह गृहणी के रूप में घर संभालने लगीं। इस बार भी वह चुनाव लड़ने के मूड में नहीं थीं। उनके पति ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने वज्यूला सीट से उन्हें चुनाव लड़ने की राय दी तथा वह बिना तैयारी के जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंच गई। वह कहतीं हैं कि ऐसा किसी अन्य दल में नहीं हो सकता है। भाजपा ही एक अनुशासित पार्टी है। जिसे अपने पुराने चेहरों का सम्मान करना आता है।

    गागरीगोल निवासी शोभा के पति भुवन चंद्र ठेकेदार हैं। उन्होंने इस बार गांव का प्रधान बनने का सपना देखा था। जिसकी वह तैयारी भी कर रहे थे।  राजनीति में पत्नी को फिर से उतारने में उन्हें कोई दिलचस्पी भी नहीं थी। लेकिन भाजपा ने उनका सम्मान किया और अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित सीट वज्यूला से शोभा को प्रत्याशी बनाया। चुनाव जीतने के बाद भी यह तय नहीं था कि पार्टी उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित करेगी।

    भैरूचौबट्टा सीट से जीतीं युवा तुर्क प्रत्याशी हेमलता की चर्चा सरेआम थी। लेकिन पुरानी कार्यकर्ता तथा पूर्व ब्लाक प्रमुख होने का उन्हें लाभ मिला। उनकी जीत पर दर्जा राज्यमंत्री बिष्ट ने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। उन्हें विश्वास है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल बेहतर रहेगा।

    गरुड़ से अध्यक्ष बनाने की उठी थी मांग

    कपकोट क्षेत्र से ही अब तक जिला पंचायत अध्यक्ष रहे थे। जिसको लेकर कत्यूर घाटी से अध्यक्ष बनाने की मांग उठने लगी थी। जिस पर भाजपा ने मुहर भी लगाई। वहीं, राजनीति में दर्जा राज्यमंत्री बिष्ट का कद भी बढ़ा है।

    महिलाओं के हाथ हुए मजबूत

    भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, बागेश्वर विधानसभा में विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, ब्लाक प्रमुख दीपा देवी, कनिष्ठ प्रमुख दीपा, कपकोट में भावना शाही ब्लाक प्रमुख, निर्मला ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख, गरुड़ में भगवती कनिष्ठ प्रमुख हैं। ऐसे में जिले के महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं की ताजपोशी होने से महिला सशक्तिकरण की ओर जिला बढ़ रहा है।