उत्तराखंड में 658 किमी की हिमालयी चुनौती, बागेश्वर से मसूरी के लिए बढ़ा साइकिल रेस का रोमांच
उत्तराखंड में 658 किमी लंबी अल्टीमेट हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 साइकिल रेस बागेश्वर से आगे बढ़ गई है। इसमें 80 साइक्लिस्ट पहाड़ों के दुर्गम रास्तों पर अपनी क्षमता का इम्तिहान ले रहे हैं।
HighLights
658 किमी लंबी अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज
बागेश्वर से मसूरी के लिए साइकिल रेस आगे बढ़ी
80 साइक्लिस्टों ने पहाड़ों पर दिखाया साहस और धैर्य
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों में साहस, सहनशक्ति और रोमांच का इम्तिहान ले रही अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का कारवां बागेश्वर से आगे बढ़ गया।
ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान से जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। 658 किलोमीटर लंबी इस चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 80 साइक्लिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में लगभग 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
बागेश्वर पहुंचने पर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। पहाड़ों के कठिन रास्तों पर पैडल मारते हुए मंजिल की ओर बढ़ रहे साइक्लिस्टों के लिए यह सिर्फ रेस नहीं, बल्कि उनकी शारीरिक क्षमता, धैर्य और साहस की परीक्षा भी है। मुक्तेश्वर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता पिथौरागढ़, बागेश्वर और तिलवाड़ा होते हुए मसूरी में संपन्न होगी।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इस तरह की प्रतियोगिताएं देशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। साथ ही युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि और आकर्षण बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक सुंदरता इस तरह के आयोजनों के लिए अनुकूल हैं।
साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सह सचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुक्तेश्वर से हुआ था। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से करीब 80 साइक्लिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। लगभग 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करनी है। निर्धारित मार्ग में पिथौरागढ़, बागेश्वर और तिलवाड़ा प्रमुख पड़ाव हैं। मसूरी में प्रतियोगिता का समापन होगा। बागेश्वर पहुंचने के बाद प्रतिभागियों ने अगले चरण के लिए अपनी यात्रा शुरू की।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे भारत मेहता ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने इसे देश की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में से एक बताया। कहा कि पहाड़ों के दुर्गम रास्तों पर साइकिल चलाना बड़ी चुनौती है। तीखे चढ़ाव और कठिन रास्ते साइक्लिस्टों की क्षमता का इम्तिहान लेते हैं, लेकिन उत्तराखंड के प्राकृतिक नजारे इस चुनौतीपूर्ण सफर को यादगार बना रहे हैं।
एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगी नई पहचान
हिमालयन एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए साइक्लिस्टों के माध्यम से प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी रास्तों और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिल रही है। इससे स्थानीय युवाओं को भी साहसिक खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।