Uttarakhand: सड़क बंद होने से कौसानी में फंसे दिल्ली के पर्यटक, पुलिस ने किया रेस्क्यू
कौसानी घूमने आए दिल्ली के 15 पर्यटक भारी बारिश और भूस्खलन के कारण डुगलोट में फंस गए। उन्होंने पुलिस से संपर्क किया जिसके बाद कौसानी पुलिस ने उन्हें बचाया और अनासक्ति आश्रम में ठहराया। सड़क अवरुद्ध होने के कारण पर्यटकों को परेशानी हुई लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित निकाल लिया। पर्यटकों ने उत्तराखंड पुलिस की सराहना की।
जासं, कौसानी। घूमने कौसानी आए पर्यटकों के वाहन सड़क बंद होने से फंस गए। वह डुगलोट की तरफ शाम की सैर पर गए थे। तेज वर्षा के कारण जगह-जगह सड़क पर मलबा आ गया। जिसके कारण पर्यटक परेशान हो गए। उन्होंने अल्मोड़ा तथा बागेश्वर पुलिस से संपर्क किया। कौसानी पुलिस ने देर रात उन्हें रेस्क्यू कर अनासक्ति आश्रम में ठहराया। पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
दिल्ली से आए 15 सदस्यीय पर्यटक यहां किसी होमस्टे में रुके थे। शनिवार की शाम वह चार वाहनों में बैठकर डूगलोट की तरफ चले गए। वह काफी ऊंचाई पर स्थित है। जहां से हिमालय का विहंगम दृश्य भी दिखने को मिलता है। शाम को तेज वर्षा होने लगी। यह लोग वाहनों से कौसानी की तरफ लौटने लगे। लेकिन सड़क जगह-जगह अवरुद्ध हो गई। पर्यटकों ने 112 से काल की। पहले अल्मोड़ा से संपर्क किया।
वहां से बागेश्वर जिले को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर कौसानी थानाध्यक्ष दिनेश पंत दलबल के साथ डुगलोट की तरफ रवाना हुए। उन्होंने बताया कि वह सड़क कच्ची है। जिसके कारण मलबा आदि आने से बंद हो गई। रात लगभग 11 बजे लोडर मशीन से सड़क खोलने का प्रयास किया गया।
दिल्ली के 15 पर्यटकों को वह अपने वाहनों में बैठाकर ले आए। उन्हें अनासक्ति आश्रम में ठहराया। जबकि उन्होंने होमस्टे छोड़ दिया था। रात अधिक होने से होटल आदि भी उन्हें नहीं मिल पा रहे थे। उन्होंने बताया कि पर्यटकों के वाहनों को रविवार की सुबह सड़क खोलकर रेस्क्यू कर लिया गया है। दिल्ली के पर्यटकों ने उत्तराखंड पुलिस की सराहना की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।