नवंबर में भी बर्फ का इंतजार, कौसानी से काली दिख रहीं हिमालय की चोटियां... पिंडारी ग्लेशियर सिमटा!
कौसानी से दिखने वाली हिमालय की पंचाचूली और नंदाकोट चोटियों पर नवंबर में भी बर्फ नहीं दिख रही, जो जलवायु परिवर्तन का असर है।

पिछले साल पंचाचूली और नंदाकोट बर्फ से ढकी थीं, इस बार दूर तक नजर आ रहे काले पहाड़. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
घनश्याम जोशी, बागेश्वर। हिमालय की पहचान रही बर्फ की सफेद चादर इस बार नवंबर में भी नजर नहीं आ रही है। कौसानी से दिखाई देने वाली पंचाचूली और नंदाकोट की ऊंची चोटियां बर्फ के अभाव में काली दिख रही हैं।
पिछले वर्ष नवंबर में ये चोटियां बर्फ से ढकी थीं, जबकि इस बार दूर तक काले पहाड़ नजर आ रहे हैं। हिमालय की बदलती तस्वीर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
स्थानीय निवासी बीडी जोशी के अनुसार, पहले नवंबर तक पूरा हिमालय बर्फ से ढका दिखाई देता था और पहाड़ों पर दूर-दूर तक सफेद चादर नजर आती थी। अब कुछ जगहों पर ही बर्फ की पतली धारियां दिखाई देती हैं। पिछले कई वर्षों से बर्फबारी में लगातार कमी महसूस की जा रही है।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के प्रोफेसर डा. शिव प्रकाश राय जलवायु परिवर्तन को हिमालयी क्षेत्र में हो रहे बदलावों का प्रमुख कारण मानते हैं। उनका कहना है कि जंगलों की कटाई, पहाड़ों पर अनियोजित निर्माण, सीमेंट और रेता का अत्यधिक इस्तेमाल तथा बढ़ती आबादी भी पर्यावरणीय संतुलन के लिए चिंता का विषय हैं।
उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण के अनुकूल भवन निर्माण और विकास कार्यों में प्रकृति संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। चोटियों पर बर्फ की कमी और ग्लेशियरों में बदलाव भविष्य में पहाड़ी पर्यावरण और जलस्रोतों को प्रभावित कर सकते हैं।
डेढ़ से दो किमी पीछे खिसका पिंडारी
उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वरिष्ठ विज्ञानी डा. नवीन चंद्र जोशी के अनुसार, वर्ष 1976 से अब तक पिंडारी ग्लेशियर लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर पीछे खिसक चुका है। इसके सिकुड़ने के प्रमुख कारण वैश्विक तापमान में वृद्धि, सर्दियों में कम बर्फबारी, बढ़ता पर्यटन और मानवीय हस्तक्षेप हैं।
जीरो प्वाइंट पर भुरभुरे पहाड़
राज्य वन्यजीव परिषद के सदस्य और वरिष्ठ पर्वतारोही अनूप साह ने पहली बार 1964 में पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा की थी। उनके अनुसार, उस समय जहां जीरो प्वाइंट था, अब वहां भुरभुरे पहाड़ दिखाई देते हैं। उन्होंने ट्रैकिंग मार्ग पर सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण और मानवीय हस्तक्षेप से प्राकृतिक पर्यावरण पर पड़ रहे असर को लेकर भी चिंता जताई।
तीव्र वर्षा तथा भूमि कटाव बढ़ा
गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी डा. महेशानंद ने बताया कि ग्लेशियर लगातार पीछे खिसक रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में तीव्र वर्षा के कारण भूमि कटाव भी बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।