हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए टाइमिंग तय; प्रशासन ने एडवायजरी जारी की
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड और सड़कों पर काली बर्फ जमने से सफर जोखिम भरा हो गया है।

लाहुल-स्पीति में सड़क पर जमीं बर्फ।
HighLights
ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड, सड़कों पर बर्फ जमना।
रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा के लिए यात्रा समय सीमा निर्धारित।
ग्राम्फू-लोसर मार्ग पर केवल 4x4 वाहनों को अनुमति।
जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस कारण सड़कों पर भी बर्फ जमने लगी है। ऐसे में सफर जोखिम भरा हो गया है। लाहुल-स्पीति जिले में तापमान शून्य से नीचे जाने और सड़कों पर 'ब्लैक आइस' (काली बर्फ) जमने के खतरों को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी है।
मौसम साफ रहने के कारण रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में वाहनों की आवाजाही फिलहाल सुचारू है, लेकिन सुबह और शाम के समय फिसलन का खतरा सबसे ज्यादा बना हुआ है।
भारी तादाद में पर्यटक पहुंच रहे
ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए बाहरी राज्यों से पर्यटक कुल्लू-मनाली सहित लाहुल घाटी का रुख कर रहे हैं। अधिकतर पर्यटक गुलाबा से मढ़ी होकर रोहतांग जा रहे हैं, लेकिन कुछ पर्यटक अटल टनल व कोकसर होकर भी रोहतांग जा रहे हैं।
रोहतांग के लिए 10 से 4 बजे तक का समय
प्रशासन ने अटल टनल से रोहतांग के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया है। इस दौरान ही पर्यटकों को रोहतांग जाने की अनुमति रहेगी। समय सीमा के बाद किसी भी वाहन को रोहतांग की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस की ओर से अटल टनल के दोनों छोरों और कोकसर में नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
ग्राम्फू-लोसर मार्ग पर सबसे ज्यादा खतरा
ग्राम्फू-लोसर-समदो राजमार्ग पर ब्लैक आइस जमने से स्थिति अधिक खराब है। इस मार्ग पर सुबह-शाम सड़क पर पानी जम जाता है, जो काली बर्फ की पतली परत के रूप में दिखाई नहीं देता। इसी कारण प्रशासन ने इस मार्ग पर केवल फोर बाई फोर (4x4) वाहनों में ही सफर करने की अनुमति दी है और समय सीमा भी निर्धारित की है।
ग्राम्फू से काजा व समदो से काजा के लिए सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक समय सीमा निर्धारित की गई है। इस समय के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
शिंकुला-बारालाचा के लिए दारचा से 10 से 2 बजे तक
अटल टनल होकर पर्यटक शिंकुला व बारालाचा दर्रे का भी रुख कर रहे हैं। शिंकुला और बारालाचा के लिए भी दारचा से सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
इस कारण लिया गया फैसला
प्रशासन का कहना है कि वाहनों की आवाजाही के लिए दिन में समय निर्धारित किया गया है। यह कदम सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के कारण सड़कों पर पानी जमने और फिसलन बढ़ने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए उठाया गया है।
डीडीएमए और पुलिस की सलाह
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सुबह जल्दी और शाम ढलने के बाद यात्रा करने से बचें, क्योंकि इस दौरान सड़कों पर जमी बर्फ की पतली परत दिखाई नहीं देती और वाहन फिसलने का गंभीर खतरा रहता है।
यह सामान जरूर रखें साथ
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें, अपने वाहन में गर्म कपड़े, खाना और जरूरी दवाएं रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बिना 4x4 वाहन के ग्राम्फू-लोसर मार्ग पर यात्रा न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में बदलाव होने पर समय सीमा में भी बदलाव किया जा सकता है और भारी बर्फबारी की स्थिति में दर्रों को पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।