घूमने आ जाइए बर्फ से ढकी वादियां, जम्मू-कश्मीर में 30 नवंबर तक मौसम सामान्य; भ्रामक पूर्वानुमान फैलाने वालों को चेतावनी
मौसम विभाग ने 30 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में किसी भी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। विभाग ने यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया पर भ्रामक पूर्वानुमान फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है।
-1795336206485_m.webp)
घूमने आ जाइए बर्फ से ढकी वादियां। फाइल फोटो
HighLights
30 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में कोई मौसम चेतावनी नहीं।
यूट्यूब, सोशल मीडिया पर भ्रामक पूर्वानुमान प्रसारित हो रहे।
मौसम विभाग ने गलत जानकारी फैलाने वालों को चेताया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में 30 नवंबर तक मौसम को लेकर किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इस अवधि के लिए फिलहाल कोई वेदर वार्निंग नहीं है।
इसके बावजूद कुछ यूट्यूब चैनल और इंटरनेट मीडिया पेज पुरानी मौसम रिपोर्ट को मौजूदा पूर्वानुमान बताकर प्रसारित कर रहे हैं, जिससे लोगों में बेवजह डर और भ्रम पैदा हो रहा है। मौसम विभाग ने ऐसे लोगों और इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों को सख्त चेतावनी देते हुए भ्रामक सूचनाएं फैलाने से बाज आने को कहा है।
लोगों में चिंता और घबराहट की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने कहा कि उसके संज्ञान में ऐसे कई यूट्यूब चैनल और इंटरनेट मीडिया पेज आए हैं, जो जम्मू-कश्मीर के मौसम को लेकर गलत और भ्रामक जानकारियां प्रसारित कर रहे हैं। इनमें पुरानी मौसम रिपोर्ट को इस तरह पेश किया जा रहा है, मानो वह आने वाले दिनों का ताजा पूर्वानुमान हो। इससे आम लोगों में अनावश्यक चिंता और घबराहट की स्थिति बन रही है।
केंद्र ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि नोटिस जारी होने की तारीख तक भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 30 नवंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में इंटरनेट मीडिया पर भारी बारिश, बर्फबारी या मौसम में बड़े बदलाव को लेकर प्रसारित किए जा रहे दावों को आधिकारिक पूर्वानुमान मानना उचित नहीं है।
आधिकारिक बुलेटिन पर ही करें भरोसा
मौसम विज्ञान केंद्र ने ऐसे चैनलों और इंटरनेट मीडिया पेजों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि वे बिना आधिकारिक पुष्टि के गलत, भ्रामक या अनधिकृत मौसम संबंधी जानकारी प्रसारित न करें। इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामलों को सक्षम अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि लागू कानूनों के तहत ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है और गलत जानकारी फैलाने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों और वीडियो के आधार पर मौसम को लेकर कोई निष्कर्ष न निकालें। मौसम की सही जानकारी के लिए केवल भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी आधिकारिक बुलेटिन और मौसम संबंधी परामर्श पर ही भरोसा करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।