श्रीनगर में डायनासोर से भी पुराना पेड़, 29 करोड़ साल का जिन्को बाइलोबा बना घाटी की नई पहचान; परमाणु हमले से खास कनेक्शन
श्रीनगर में अब डायनासोर काल से भी पुराना 'जीवित जीवाश्म' जिन्को बाइलोबा पेड़ लगाया जा रहा है, जो शहर की हरियाली और पहचान का हिस्सा बनेगा।

श्रीनगर में डायनासोर से भी पुराना पेड़। फोटो जागरण
HighLights
जिन्कगो बिलोबा 'जीवित जीवाश्म' पेड़ अब श्रीनगर में।
29 करोड़ साल पुराना, चीन मूल का दुर्लभ वृक्ष।
श्रीनगर में एक हजार जिन्कगो पेड़ लगाने की योजना।
राहुल शर्मा, श्रीनगर। कश्मीर की मिट्टी में अब एक ऐसा पेड़ जड़ें जमा रहा है, जो डायनासोर के जन्म से भी पहले धरती पर था। इसका नाम है जिन्कगो बिलोबा। वनस्पति विज्ञान में इसे ‘जीवित जीवाश्म’ कहा जाता है, क्योंकि इसके जीवाश्म करीब 29 करोड़ साल पुराने हैं।
चीन मूल का यह दुर्लभ पेड़ अब श्रीनगर की हरियाली का हिस्सा बनने जा रहा है। श्रीनगर नगर निगम और बागवानी विभाग ने शहर के पार्कों और प्रमुख सड़कों के किनारे जिन्कगो के पेड़ लगाने की योजना बनाई है।
इस पेड़ की खासियत सिर्फ इसका प्राचीन इतिहास नहीं, बल्कि कश्मीर से इसका करीब दो सौ साल पुराना रिश्ता भी है। लाल मंडी स्थित कृषि विभाग के किचन गार्डन में आज भी एक पुराना जिन्कगो का पेड़ मौजूद है।
इसे दक्षिण एशिया के सबसे पुराने जिन्कगो पेड़ों में गिना जाता है। कभी पूरी घाटी में इसकी मौजूदगी इसी एक पेड़ तक सीमित थी। बाद में इसी से कलम तैयार कर दूसरे स्थानों पर पौधे लगाए गए। आपको बता दें कि वर्ष 1964 में ही इस पर ''जिन्कगो बिलोबा एल. इन कश्मीर'' शीर्षक से वैज्ञानिक शोध प्रकाशित हुआ था।
सदियों से मंदिरों में लगाया जाता रहा है
फ्लोरीकल्चर, गार्डन एवं पार्क विभाग की निदेशक मथूरा मासूम ने बताया कि यह पेड़ कश्मीर कैसे आया इसकी कोई प्रमाणित विवरण मौजूद नहीं है। परंतु जिन्कगो का मूल स्थान चीन है, जहां इसे सदियों से मंदिरों और बागों में लगाया जाता रहा है।
यह प्राकृतिक रूप से कश्मीर नहीं पहुंचा। भारत में भी इसकी आमद ब्रिटिश दौर के बोटैनिकल गार्डन से जुड़ी बताई जाती है। ऊटी और शिमला जैसे स्थानों पर भी इसे लगाया गया था। भारत में इसे लाने का श्रेय लार्ड डलहौजी को दिया जाता है। कश्मीर में भी सजावटी बागवानी के विस्तार के दौरान इसे जगह मिली।
हिरोशिमा में परमाणु हमले के बाद भी बचा
जिन्कगो की खासियत यह है कि यह अपने गण जिन्कगोएल्स का अकेला जीवित प्रतिनिधि है, जिसका इतिहास करीब 29 करोड़ साल पुराना है। कभी इसके रिश्तेदार उत्तरी गोलार्ध के बड़े हिस्से में फैले थे, लेकिन जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आवासों में बदलाव के कारण विलुप्त हो गए।
इसके पंखे जैसे पत्ते गर्मियों में हरे और पतझड़ में सुनहरे पीले हो जाते हैं। अनुकूल परिस्थितियों में यह पेड़ एक हजार साल से अधिक जीवित रह सकता है।
दुनिया भर में सजावटी पेड़ के रूप में लोकप्रिय होने के बावजूद जिन्कगो आइयूसीएन की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त श्रेणी में है। इसकी प्राकृतिक आबादी चीन के कुछ सीमित क्षेत्रों में ही बची है। कश्मीर में भी यह मुख्य रूप से बागों, नर्सरी और संस्थानों के परिसरों तक सीमित है।
कुछ महीनों बाद नई कोंपलें फूट आईं
जिन्कगो की सहनशक्ति का उदाहरण जापान के हिरोशिमा में मिलता है। वर्ष 1945 में परमाणु हमले के बाद विस्फोट स्थल से करीब एक से दो किलोमीटर दूर मौजूद छह जिन्कगो पेड़ प्रभावित होने के बावजूद जीवित रहे। कुछ महीनों बाद उनमें नई कोंपलें फूट आईं। आज इन्हें शांति और जीवन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
कश्मीर की जलवायु में अच्छी तरह पनपने के बावजूद जिन्कगो घाटी के जंगलों में प्राकृतिक रूप से फैलता हुआ नहीं दिखाई देता। इसकी एक वजह इसकी प्रजनन प्रक्रिया है। नर और मादा पेड़ अलग-अलग होते हैं। मादा पेड़ों पर बनने वाले बीजों से तेज और अप्रिय गंध निकलती है। इसी कारण नर पेड़ों को प्राथमिकता दी जाती है। इससे प्राकृतिक रूप से नए पौधे तैयार होने की संभावना भी कम हो जाती है।
श्रीनगर में लगेंगे एक हजार जिन्कगो
श्रीनगर की हरियाली बढ़ाने के लिए फ्लोरीकल्चर, गार्डन एवं पार्क विभाग और नगर निगम ने करीब एक हजार जिन्कगो के पेड़ लगाने की योजना बनाई है। निदेशक मथूरा मासूम ने बताया कि उन्होंने नर्सरी में काफी पौधे तैयार किए हैं और अब इन्हें प्रमुख पार्कों में लगाने का काम भी शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर बोटैनिकल गार्डन केे बीचों-बीच लगा जिन्कगो का पेड़ पर्यटकों को काफी आकर्षित करता है। चिनार के पेड़ की तरह ही जिन्कगो भी पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। चिनार के मुकाबले जिन्कगो की ग्रोथ काफी तेज है।
पतझड़ में इसके पत्तों का सुनहरा पीला रंग चिनार के लाल पत्तों के साथ श्रीनगर के प्राकृतिक नजारे को और आकर्षक बना सकता है। मथूरा ने कहा कि आने वाले समय में जिन्कगो भी कश्मीर की नई पहचान के रूप में जाना जाएगा।
स्थानीय प्रजातियों को प्राथमिकता देना जरूरी
वहीं, पर्यावरण शोधकर्ता डॉ राजा मुजफ्फर भट का मानना है कि श्रीनगर में जिन्कगो लगाने से शहर की खूबसूरती बढ़ सकती है, लेकिन इसे पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली का विकल्प नहीं मानना चाहिए। यह स्थानीय कीट-पतंगों, पक्षियों और मिट्टी के जीवों के साथ देशी पेड़ों जैसा प्राकृतिक संबंध नहीं रखता।
हिमालय जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए स्थानीय प्रजातियों को प्राथमिकता देना जरूरी है। ऐसे में जिन्कगो श्रीनगर के लिए एक ऐतिहासिक, सजावटी और शैक्षणिक महत्व वाला पेड़ हो सकता है, जबकि प्राकृतिक पारिस्थितिकी के संरक्षण का आधार देशी वनस्पतियां ही रहेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।