विस चुनाव 2027: उत्तराखंड की इस सीट पर 2007 से भाजपा का दबदबा, उपचुनाव में घटा जीत का अंतर
बागेश्वर विधानसभा सीट पर 2007 से भाजपा का लगातार दबदबा रहा है, जिसने पांच चुनाव जीते हैं। हालांकि, 2023 के उपचुनाव में भाजपा की जीत का अंतर घटकर 2405 मत रह गया, जो आगामी चुनावों के लिए नई चुनौतियां पेश करता है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
घनश्याम जोशी, बागेश्वर। विधानसभा चुनाव से पहले बागेश्वर सीट का सियासी इतिहास कई संकेत दे रहा है। वर्ष 2002 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की, लेकिन 2007 में भाजपा ने सीट अपने कब्जे में कर ली।
तब से लगातार पांच चुनावों में भाजपा का परचम लहराया है। शुरुआती चुनावों में नरेंद्र मोदी के चेहरे और भाजपा के पक्ष में बने माहौल का असर भी नतीजों में दिखा। चंदन राम दास ने लगातार चार चुनाव जीते। उनके निधन के बाद 2023 के उपचुनाव में भाजपा ने उनकी पत्नी पार्वती दास को उतारकर सीट बचाई, लेकिन जीत का अंतर घटकर 2405 मत रह गया।
बागेश्वर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। राज्य गठन के बाद 2002 के पहले चुनाव में कांग्रेस के राम प्रसाद टम्टा ने भाजपा के नारायण राम दास को 2177 मतों से हराया। 2007 में भाजपा के चंदन राम दास ने 17,614 वोट लेकर कांग्रेस से सीट छीनी। जीत का अंतर 5890 मत रहा।
चंदन राम दास की लगातार चार जीत से मजबूत हुआ भाजपा का आधार
2012 में चंदन राम दास ने 23,396 वोट हासिल कर राम प्रसाद टम्टा को 1911 मतों से हराया। 2017 में उन्हें 33,792 वोट मिले और जीत का अंतर 14,567 रहा। कुल मतों में उनकी हिस्सेदारी 50.08 प्रतिशत थी। 2022 में 32,211 वोट लेकर उन्होंने कांग्रेस के रंजीत दास को 12,141 मतों से हराया। आम आदमी पार्टी के बसंत कुमार को 16,109 वोट मिले।
विरासत बची, लेकिन घट गया जीत का फासला
2023 के उपचुनाव में पार्वती दास ने 33,247 वोट लेकर कांग्रेस के बसंत कुमार को 2405 मतों से हराया। भाजपा सीट बचाने में सफल रही, मगर मुकाबला पहले जैसा एकतरफा नहीं रहा।
आगामी चुनाव में भाजपा के सामने पुरानी बढ़त कायम रखने और कांग्रेस के सामने घटे अंतर को अवसर में बदलने की चुनौती होगी। अब मतदाताओं का फैसला बताएगा कि पुराना भरोसा कायम रहता है या नया जनादेश बनता है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड चुनाव: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी जिलों में परखेगी दावेदारों का दमः दीपा दास मुंशी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की कवायद की शुरू, स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची दून
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।