Bageshwar Rain: भारी बारिश में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी, भूस्खलन से कई सड़कें बंद
बागेश्वर जिले में लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कपकोट और गरुड़ में 43 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हैं जिससे लगभग 30 हजार लोग प्रभावित हैं। जिलाधिकारी राहत बचाव कार्यों पर नजर रख रहे हैं।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। जिले में पिछले दो दिन से लगातार वर्षा हो रही है। जिसका असर जन जीवन पर पड़ने लगा है। मंगलवार को भी कक्षा एक से लेकर 12 वीं तक तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे। पिछले 12 घंटों में कपकोट तथा गरुड़ में 43-43 मिमी जबकि बागेश्वर विकास खंड में 42 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है।
सरयू, गोमती का जलस्तर खतरे के निशान से कुछ नीचे बह रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नाले उफन आए हैं। भूस्खलन से रास्ते तथा सड़कें बंद हो रही हैं। एक मुख्य जिला, एक राज्य मार्ग समेत 11 ग्रामीण सड़कों पर मलबा आने से वह आवागमन के लिए पूरी तरह बंद हो गए हैं। जिससे लगभग 30 हजार से अधिक जनता प्रभावित हो रही है।
बारिश से शहर और कस्बा में सन्नाटा
मंगलवार को भी लगतार हो रही वर्षा से शहर तथा कस्बाई क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। हल्द्वानी आदि स्थानों से आने वाले सब्जी, दूध तथा यात्री वाहन भी देरी से पहुंच रहे हैं। जगह-जगह सड़कें बंद होने से जाम लग रहा है। कपकोट क्षेत्र की अधिकतर सड़कों में मलबा आने से यातायात पल-पल बाधित हो रहा है। गिरेछीना मोटर मार्ग में जगह-जगह भूस्खलन होने से पत्थर गिर रहे हैं। जिसके कारण घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी तथा संचार सेवाएं पटरी से उतर गईं हैं।
बिजली आपूर्ति भी प्रभावित
कई गांवों में तीन दिन से बिजली नहीं है। जिसके कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं हैं। उधर, पौंसारी में गधेरे में बहे लापता गिरीश तथा पूरन की खोजबीन सुबह से जारी है। लेकिन अभी तक वह नहीं मिल सके हैं। वहां राहत बचाव अभियान पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई तथा पुलिस अधीक्षक नजर रखे हुए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि पौंसारी गांव में पेयजल व्यवस्था सुचारू हो गई है। बिजली लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है। सड़क को भी आवागन के लिए देर रात खोल दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।