बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल, 13 हजार बच्चों का टीएचआर रुका, आत्मदाह की चेतावनी
बागेश्वर में मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर 1600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल से बाल विकास सेवाएं प्रभावित हैं। इससे ...और पढ़ें
-1794567574836_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर जिले के 1600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पूर्ण बहिष्कार से बाल विकास सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। जिले के 834 आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत करीब 13 हजार बच्चों को एक माह से टेक होम राशन (टीएचआर) नहीं मिला है।
अक्टूबर का टीएचआर वितरण ठप है। कपकोट में धरना दे रहीं संगठन की जिलाध्यक्ष कमला दानू ने मांग पूरी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
कपकोट ब्लाक संगठन के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका और मिनी कार्यकर्ता दो नवंबर से मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार बार-बार आश्वासन देकर मांग टाल रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर मानदेय बढ़ाने का भरोसा दिया था, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। कमला दानू ने कहा कि सरकार की ओर से अब तक सिर्फ आश्वासन मिले हैं। कार्यकर्ता केंद्र सरकार से 140 रुपये और राज्य सरकार से 150 रुपये मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं।
इससे पहले जून-जुलाई में भी धरना दिया गया था। उस समय जल्द मांग पूरी करने का भरोसा मिला, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती तारा ढोक्टी ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बहिष्कार के कारण केंद्रों में तीन से छह वर्ष तक के बच्चों की पढ़ाई, देखभाल और टीएचआर वितरण प्रभावित हो रहा है।
जिले के 834 केंद्रों में करीब 1600 कार्यकर्ता तैनात हैं। धरना-प्रदर्शन में नीमा जोशी, गायत्री देवी, प्रभा, जानकी, मोहिनी देवी, कौशल्या देवी, शोभा और दीपा सहित अनेक कार्यकर्तियां मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर की जनता महंगाई से परेशान, दूध-सब्जी-दाल-मसाले सबके दाम आसमान पर; रसोई का बजट बिगड़ा