भगवान कृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से भड़का विवाद, बागेश्वर धाम कूच के ऐलान पर छतरपुर में समर्थकों ने हाईवे पर लगाया जाम
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद अब छतरपुर में तनाव का कारण बन ...और पढ़ें

बागेश्वर धाम के समर्थकों का डंडे को तेल पिलाते वीडियो वायरल, एक समर्थक ने दिखाए जूते।
HighLights
धीरेंद्र शास्त्री की श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से विवाद गहराया।
यादव महासभा ने बागेश्वर धाम तालाबंदी का ऐलान किया।
धाम समर्थकों ने छतरपुर हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद अब छतरपुर में तनाव का रूप लेने लगा है। यादव महासभा के विरोध और बागेश्वर धाम में तालाबंदी के ऐलान के बाद धाम समर्थक भी मैदान में उतर आए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक लाठियां लेकर प्रदर्शनकारियों को धमकाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच बढ़ती तनातनी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है।
हाईवे पर जाम, लगी वाहनों की कतार
शुक्रवार को विवाद उस समय और बढ़ गया, जब बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जाम लगा दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका के चलते छतरपुर शहर और बागेश्वर धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
लाठियां लेकर वीडियो जारी
विवाद के बीच इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो ने माहौल को और गर्म कर दिया है। वीडियो में कुछ युवक लाठियों को तेल पिलाते हुए और जूते दिखाकर प्रदर्शनकारियों को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक हजार से अधिक युवाओं के तैयार होने का दावा भी किया गया है।
वहीं, गढ़ा गांव के निवासी उत्तम सिंह ने यादव महासभा के अध्यक्ष दामोदर यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि बागेश्वर धाम पहुंचने वाले प्रदर्शनकारियों का जूतों से स्वागत किया जाएगा। इस तरह की आक्रामक बयानबाजी से विवाद के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
29 अक्टूबर को करैरा की कथा में हुई थी टिप्पणी
पूरा विवाद 29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से शुरू हुआ था। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए दोनों के स्वरूप और उनकी लीलाओं को लेकर टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण तीन स्थानों से टेढ़े होकर खड़े होते हैं, जबकि भगवान श्रीराम सीधे खड़े रहते हैं। बांसुरी बजाने और गाय चराने को खेल बताते हुए उन्होंने कहा था कि धनुष चलाना कोई खेल नहीं है। इसके साथ ही अयोध्या और वृंदावन धाम की तुलना को लेकर भी उनकी टिप्पणी सामने आई थी।
इन बयानों से नाराज यादव महासभा ने विरोध दर्ज कराया। संगठन के अध्यक्ष दामोदर यादव ने गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का ऐलान किया था। इसके बाद धाम समर्थकों ने भी विरोध का मोर्चा खोल दिया।
धार्मिक टिप्पणी से कानून-व्यवस्था तक पहुंचा मामला
श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब विरोध प्रदर्शन, जवाबी धमकियों और हाईवे जाम तक पहुंच चुका है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकना और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।