विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े...' भगवान कृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की बेतुकी टिप्पणी से मचा बवाल; कृष्ण-भक्तों में आक्रोश

Published: Mon, 02 Nov 2026 04:59 PM (IST)

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयान को लेकर फिर विवादों में हैं। उन्होंने शिवपुरी में रामकथा के ...और पढ़ें

कथावाचन के दौरान भगवान कृष्ण की मुद्रा की नकल करते हुए धीरेंद्र शास्त्री। (वीडियो ग्रैब)

कथावाचन के दौरान भगवान कृष्ण की मुद्रा की नकल करते हुए धीरेंद्र शास्त्री। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण पर विवादास्पद टिप्पणी की।

  2. शिवपुरी में रामकथा के दौरान दिया यह बयान।

  3. कृष्ण भक्तों ने सोशल मीडिया पर विरोध जताया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। छतरपुर के गढ़ा ग्राम में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन पर कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई है। उनके बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके खिलाफ आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है।

कथावाचन के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण का मजाक बनाते हुए उन्हें तीन जगह से टेढ़ा तक कह दिया। कृष्ण के धाम वृन्दावन के बारे में भी अजीब टिप्पणी की। उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कृष्ण भक्त उनके विरोध में उतर आए।

श्रीकृष्ण की बांसुरी और मुद्रा पर की टिप्पणी

दरअसल करैरा में श्रद्धालुओं को रामकथा सुनाने के दौरान धीरेंद्र शास्त्री भावावेश में बह गए और उपस्थित श्रद्धालुओं से कहा कि यहां कृष्ण के भी भक्त बैठे हैं। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने विनोदपूर्ण शैली में श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का जिक्र करते हुए कहा- 'तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो, खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर लचकाए, खपड़िया ऐसी करे... (अपनी गर्दन तिरछी करते हुए) टेढ़ी खपड़िया करके बंशी बजाए रहे। हमाए वाले खड़े भी होते तो सीधे। हमाए वाले का नाम भी सीधा। हमारे वाले का चलना भी सीधा। दिखते भी सीधे।'

वृंदावन को भी बताया 'टेढ़ा'

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी टिप्पणी को आगे बढ़ाते हुए अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि भगवान राम का धाम अयोध्या सीधा है, जबकि भगवान कृष्ण का धाम वृंदावन भी टेढ़ा है।

धीरेंद्र शास्त्री यहीं नहीं रुके। इसके बाद उन्होंने गुनगुनाते हुए हुए कहा- बंसी का बजाना खेल भी है, धनुष का चलाना खेल नहीं। इसके बाद उन्होंने बंसी बजाने की बात पर जोर देते हुए कहा- बंसी तो हमारे यहां जे (ये) भी बजाता है, बजा भाई बजा। (अपने पास बैठे बंसी बजाने वाले की तरफ देखत हुए)”

यह भी पढ़ें- भोपाल में दोस्ती का खौफनाक अंजाम! उधार दिए सामान वापस मांगे तो युवती को कार में ले जाकर पीटा; चलती गाड़ी से उतरकर भागी पीड़िता

इंटरनेट मीडिया पर बढ़ा विरोध 

इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई कृष्ण भक्तों और इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने उनकी शब्दावली और भगवान श्रीकृष्ण की मुद्रा की नकल करने के तरीके पर आपत्ति जताई है। कुछ यूजर्स ने इसे भगवान कृष्ण का अपमान बताते हुए पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार की अपील भी की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।