विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में दोस्ती का खौफनाक अंजाम! उधार दिए सामान वापस मांगे तो युवती को कार में ले जाकर पीटा; चलती गाड़ी से उतरकर भागी पीड़िता

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:35 PM (IST)

भोपाल में एक युवती को दोस्त से कीमती सामान वापस मांगना भारी पड़ा। युवक उसे कार में ले जाकर पीटा ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. दोस्त से सामान वापस मांगना युवती को पड़ा भारी।

  2. युवक ने कार में ले जाकर युवती से की मारपीट।

  3. पिता को वीडियो कॉल कर युवती ने बताई आपबीती।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दोस्त को दिए गए कीमती सामान वापस मांगना एक युवती के लिए जानलेवा मुसीबत बन गया। सामान लौटाने की बात पर हुए विवाद के बाद युवक उसे खाना खिलाने के बहाने अपनी कार में बैठाकर ले गया। आरोप है कि राजहंस ढाबे के पास उसने युवती के साथ मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारकर फेंकने की धमकी दी। किसी तरह युवती ने पिता को वीडियो कॉल कर अपनी आपबीती बताई। इसके बाद जेके रोड पर कार से उतरकर वह वहां से भाग निकली और घर पहुंची। मामले में रविवार को हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

दो-तीन साल से थी युवक से जान-पहचान

पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय युवती मूल रूप से शहडोल की रहने वाली है और भोपाल के 12 नंबर क्षेत्र में रहती है। उसकी पहचान विकास यादव से पिछले दो-तीन वर्षों से है। युवती का आरोप है कि 26 अक्टूबर को विकास उसके फ्लैट से लैपटॉप, तीन महंगी घड़ियां, सोने का कड़ा और चांदी का ब्रेसलेट ले गया था। काफी समय बीतने के बाद भी जब सामान वापस नहीं मिला तो उसने युवक से इसे लौटाने के लिए कहा।

सामान मांगने पर हुआ विवाद 

युवती के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे उसने विकास से अपना सामान वापस मांगा। इस पर युवक ने बताया कि सामान उसके साथी सोहेल के पास है और अगले दिन लौटा देगा। युवती ने अगले दिन का इंतजार करने के बजाय तत्काल सामान देने की मांग की तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद विकास उसे खाना खिलाने के बहाने सफेद रंग की कार में बैठाकर राजहंस ढाबे के पास ले गया। वहां उसने युवती के साथ मारपीट की। जब युवती ने अपने पिता को फोन करने की बात कही तो युवक ने उसे जान से मारकर कहीं फेंक देने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें- भोपाल में वेतन कटौती से भड़के सेल्समैन ने चुराई 23 लाख की लग्जरी कार, पत्नी के पास मिली; GPS से खुला राज

पिता को वीडियो कॉल कर बताई आपबीती 

खुद को मुश्किल में घिरा देख युवती ने पिता को वीडियो कॉल किया और उन्हें अपने साथ हुई घटना दिखाई। इसके बाद वह मिनाल के पास जेके रोड पर किसी तरह कार से नीचे उतरी और वहां से निकलकर रैपिडो के जरिए अपने घर पहुंची।

युवती ने पुलिस को यह भी बताया है कि आरोपी पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका है। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित विकास यादव की तलाश कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।