भोपाल में वेतन कटौती से भड़के सेल्समैन ने चुराई 23 लाख की लग्जरी कार, पत्नी के पास मिली; GPS से खुला राज
भोपाल में वेतन कटौती से नाराज एक सेल्समैन ने शोरूम से 23 लाख रुपये की लग्जरी कार चुरा ली। सीसीटीवी ...और पढ़ें

चुराई गई कार व आरोपित सेल्समैन।
HighLights
वेतन कटौती से नाराज सेल्समैन ने शोरूम से लग्जरी कार चुराई।
GPS ट्रैकिंग से 23 लाख की चोरी हुई कार बरामद।
पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को गिरफ्तार कर कार जब्त की।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। खराब प्रदर्शन के चलते वेतन में लगातार दो महीने तक 30-30 प्रतिशत कटौती से नाराज एक सेल्समैन ने शोरूम से 23 लाख रुपये की लग्जरी कार चोरी कर ली। कार एक ग्राहक ने बुक कराई थी और शनिवार को उसकी डिलीवरी होनी थी। लेकिन डिलीवरी से करीब एक सप्ताह पहले ही कर्मचारी कार लेकर चंपत हो गया। शोरूम प्रबंधन ने जब स्टॉक का मिलान किया तो कार गायब मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस की मदद से चोरी का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने आरोपित सेल्समैन को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है।
सीसीटीवी में दिखा कार ले जाता युवक
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के मुताबिक, जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन शोरूम से 25 अक्टूबर की रात एक कार गायब हुई थी। शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक युवक कार ले जाते हुए दिखाई दिया, लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका।
इसके बाद प्रबंधन ने कार में लगे जीपीएस को सक्रिय किया। लोकेशन ट्रेस करने पर शुक्रवार रात कार नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार आरोपित की पत्नी चला रही थी। जांच में शोरूम के कर्मचारी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने कार जब्त कर सेल्समैन गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद को गिरफ्तार कर लिया।
एक साल से शोरूम में कर रहा था नौकरी
पुलिस के अनुसार, आरोपित गजेंद्र मूल रूप से नर्मदापुरम का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में किराए से रहता था। वह करीब एक साल से जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन शोरूम में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने 25 अक्टूबर को शोरूम से ग्राहक की बुक की हुई कार निकाली और अपने घर ले जाकर खड़ी कर दी।
डिलीवरी की तैयारी के दौरान खुला मामला
कार की डिलीवरी शनिवार को होनी थी। इससे पहले शोरूम में स्टॉक का मिलान किया गया तो बुक की गई कार गायब मिली। प्रबंधन ने 29 और 30 अक्टूबर को अपने स्तर पर तलाश की। सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ कार का जीपीएस भी सक्रिय किया गया। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और कार बरामद कर ली गई।
वेतन कटौती से नाराजगी बताई
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि खराब परफॉर्मेंस का हवाला देकर उसकी सैलरी में लगातार दो महीने तक 30-30 प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि, शोरूम मैनेजर सचिन झड़े ने इस दावे पर अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि आरोपित के वेतन में कटौती काफी पहले की गई थी और बाद में उसे इंसेंटिव भी दिया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार चोरी की इस वारदात में आरोपित के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।