विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में रूठे बेटे को घर वापस लाने की चाह में मां ने गंवाई जमापूंजी, तंत्र-मंत्र के नाम पर शातिर भाई-बहन ने ऐंठे 1 करोड़

Published: Sun, 01 Nov 2026 05:23 PM (IST)

भोपाल में एक मां ने रूठे बेटे को घर लाने की चाह में अपनी जमापूंजी गंवा दी। ठगों ने तंत्र-मंत्र ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. गृहशांति का झांसा देकर एक साल तक ऐंठते रहे।

  2. महिला से 625 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी भी ले गए।

  3. भोपाल क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। परिवार से अलग रह रहे बड़े बेटे को दोबारा घर लाने की चाह एक मां को जिंदगीभर की जमा-पूंजी गंवाने पर भारी पड़ गई। बेटे और परिवार के बीच चल रहे विवाद को खत्म कराने का भरोसा देकर ठगों ने दंपती से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपितों ने गृहशांति, तंत्र-मंत्र और धन दोगुना करने का लालच देकर लगभग एक साल तक कभी नकदी तो कभी ऑनलाइन भुगतान और सोने-चांदी के जेवर ऐंठे। मामले में क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मामला भोपाल के साकेत नगर का है। यहां रहने वाले पुरुषोत्तम शर्मा धर्मकांटा और पानी की बोतल सप्लाई का कारोबार करते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विवेक पारिवारिक विवाद के चलते अलग रहने लगा था। परिवार को फिर से एक साथ लाने की उम्मीद में पुरुषोत्तम की पत्नी राजेश्वरी की पहचान मोहल्ले की परिचित गौरी सिंह के जरिए आशा यादव से हुई।

आशा ने महिला को बताया कि अवधपुरी में रहने वाला उसका भाई मुकेश तंत्र-मंत्र जानता है और गृहदोष दूर कर पारिवारिक परेशानियां खत्म कर सकता है। इसी भरोसे के सहारे आरोपितों ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया।

गृहशांति के नाम पर शुरू हुआ ठगी का खेल 

पुलिस के मुताबिक, 25 मई 2025 से आरोपितों ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपये लेना शुरू किया। राजेश्वरी ने अलग-अलग किस्तों में फोन-पे के माध्यम से आशा के खाते में करीब 7.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा घर में रखी 12.54 लाख रुपये की नकदी भी आरोपितों को सौंप दी।

धीरे-धीरे ठगी का दायरा बढ़ता गया। आरोपितों ने महिला से करीब 625 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी ले लिए। इस तरह नकदी, ऑनलाइन भुगतान और आभूषण मिलाकर ठगी की रकम करीब एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

ऐसे खुला राज

मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक ज्वेलर्स ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन कर उनकी पत्नी द्वारा खरीदे गए सोने के जेवरों का भुगतान मांगा। ज्वेलर्स ने बताया कि करीब चार महीने पहले राजेश्वरी ने दुकान से 17 लाख रुपये के आभूषण खरीदे थे। इसमें पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि शेष रकम का चेक दिया गया था। चेक का भुगतान नहीं होने पर ज्वेलर्स ने पुरुषोत्तम से संपर्क किया।

इसके बाद पूरे मामले की परतें खुलने लगीं। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

यह भी पढ़ें- थानों के रिकॉर्ड पर साइबर अपराधियों की नजर! भोपाल के दो थानों पर LockBit रैनसमवेयर अटैक के बाद MP-CERT ने जारी की चेतावनी

तीन आरोपित गिरफ्तार, 11 ग्राम सोना बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशा यादव, उसके पति हरीश चढ़ार और परिचित श्याम को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। आशा की निशानदेही पर पुलिस ने 11 ग्राम सोना भी बरामद किया है। मामले में आरोपितों से पूछताछ कर ठगी की बाकी रकम और जेवरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।