बाल दिवस पर नन्हे प्रकृति प्रेमी से मिलिए, आठ साल के गोलू ने रोपे 551 पौधे... जल संरक्षण की भी जगा रहे अलख
आठ वर्षीय गोलू पुरी ने अब तक 551 पौधे रोपे हैं और जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए भी अभियान ...और पढ़ें

आठ वर्षीय बाल पर्यावरणप्रेमी ने पौधारोपण के साथ जल संरक्षण और स्वच्छता को भी बनाया अभियान का हिस्सा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, गरुड़। उम्र महज आठ साल है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण का संकल्प बड़ा। तहसील के दूरस्थ गांव मजकोट निवासी गोलू पुरी पांच साल की उम्र से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में जुटे हैं। अब तक वह 551 पौधे रोप चुके हैं। अपने प्रयासों से वह ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ बच्चों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मजकोट में कक्षा दो के छात्र गोलू को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के लिए जाना जाता है। पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा उन्हें पिता मदन पुरी और मां मंजू गोस्वामी से मिली।
विभिन्न जागरूकता अभियान चला रहे गोलू
पिता राजकीय इंटर कालेज छत्यानी में प्रधानाचार्य हैं और मां गृहिणी हैं। पिछले तीन वर्षों से गोलू पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान चला रहे हैं। पौधारोपण के साथ उन्होंने पेयजल स्रोतों की स्वच्छता, ‘बीजों को जीवन दो’ और ‘पक्षी मित्र सेवा’ जैसे अभियान भी शुरू किए हैं।
इनके जरिए वह लोगों को प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश देते हैं। गोलू का नारा है, ‘आओ मिलकर पेड़ लगाएं, पर्यावरण को बचाएं। शुद्ध पानी पिएं, बीमारियों को दूर भगाएं।’ उनका कहना है कि पढ़ाई के अलावा जब भी समय मिलता है, वह अपने अभियान में जुट जाते हैं। अब दूसरे बच्चे भी उनके प्रयासों से जुड़ने लगे हैं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मजकोट के प्रधानाध्यापक गंगा गिरी ने बताया कि गोलू पर्यावरण और जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं। इतनी कम उम्र में उनका प्रयास सराहनीय और प्रेरणादायक है।
यह भी पढ़ें- पर्यावरण बचाने को साइकिल यात्रा हाथरस पहुंची, प्रकृति, योग और परमात्मा के संबंध पर चर्चा
यह भी पढ़ें- मैराथन से पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, मनाली में प्रतिभागियों ने एकत्र कर दीं 15 हजार प्लास्टिक की बोतलें