पर्यावरण बचाने को साइकिल यात्रा हाथरस पहुंची, प्रकृति, योग और परमात्मा के संबंध पर चर्चा
पद्मभूषण डा. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में 'प्रकृति पथ साइकिल यात्रा' हाथरस पहुंची, जहां पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा हुई। ...और पढ़ें

साइकिल यात्रा लेकर मंगलवार को हाथरस पहुंचे पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रसाद जोशी।
जागरण संवाददाता, हाथरस। प्रकृति पथ साइकिल यात्रा हाथरस पहुंची जहां यात्रा का नेतृत्व कर रहे पद्मभूषण डा. अनिल प्रकाश जोशी और अन्य सदस्यों का स्वागत किया गया। प्रकृति पथ साइकिल यात्रा अपने 40वें दिन हाथरस पहुंची। दो अक्टूबर को शुरू हुई इस यात्रा का उद्देश्य प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के आपसी संबंध को समझाना तथा समाज को जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।
हाथरस में आयोजित कार्यक्रम में प्रकृति, योग, प्राणायाम, पंचतत्व और परमात्मा के संबंध को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष, वर्ल्ड वाटर काउंसिल एवं एशिया वेगंस के सदस्य जगदीश चौधरी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कृष्ण के आकर्षण, उनके व्यापक व्यक्तित्व और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के संदर्भ में प्रकृति एवं परोपकार के महत्व पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल बाहरी स्वच्छता का विषय नहीं, बल्कि मनुष्य के जीवन, विचार, व्यवहार और आंतरिक संतुलन से भी जुड़ा हुआ है।
योग और पर्यावरण का गहरा संबंध
कार्यक्रम में अलीगढ़ मेडिकल कालेज के अतिथि शिक्षक राजेश कुमार वेदाचार्य ने योग और पर्यावरण के आपसी संबंध को विस्तार से समझाया। उन्होंने पतंजलि योगसूत्र के सूत्र “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” का उल्लेख करते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन और जीवन को संतुलित करने की प्रक्रिया है।
उन्होंने प्राणायाम की व्याख्या करते हुए सूत्र “तस्मिन् सति श्वासप्रश्वासयोर्गतिविच्छेदः प्राणायामः” समझाया। इसके अंतर्गत सांस को नियंत्रित करने के विभिन्न अभ्यास बताए। कार्यक्रम में जगदीश चौधरी ने कृष्ण के आकर्षण और उनके व्यापक व्यक्तित्व की चर्चा की।
पंचतत्व से बनी सृष्टि और ऊर्जा का विस्तार ही प्रकृति
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति और परमात्मा के संबंध पर भी एक महत्वपूर्ण संवाद हुआ। इसमें बताया गया कि मनुष्य का शरीर मिट्टी, जल, वायु और अन्य प्राकृतिक तत्वों से बना है। मृत्यु के बाद शरीर के तत्व अपने मूल स्वरूप में प्रकृति में ही विलीन हो जाते हैं।
वक्ता ने सूक्ष्म ऊर्जा और उसके विस्तार को समझाते हुए कहा कि जो ऊर्जा प्रत्यक्ष रूप से दिखाई नहीं देती, वही विभिन्न माध्यमों से हमारे सामने प्रकट होती है। पेड़-पौधे, जल, पहाड़, मनुष्य और हिरण सहित प्रकृति के तमाम स्वरूप उसी ऊर्जा के विस्तार हैं। इन्हीं सभी रूपों में परमात्मा की उपस्थिति को अनुभव किया जा सकता है।
इस दौरान एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठा कि प्रकृति पहले आई या ईश्वर। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि व्यक्ति अपनी समझ और आस्था के अनुसार प्रकृति अथवा प्रभु को सर्वोपरि मान सकता है। किसी एक विचार को लेकर आग्रह करने के बजाय दोनों के बीच की समग्रता और पूरक संबंध को समझना जरूरी है।
विभिन्न धर्मों में ईश्वर के अलग-अलग नाम और स्वरूप होने के बावजूद सभी जीवों के जीवन के लिए प्राण और प्रकृति अनिवार्य हैं। मृत्यु के बाद शरीर के तत्व यहीं रह जाते हैं, जबकि सांस और प्राण के महत्व को समझना जीवन और प्रकृति के गहरे संबंध को उजागर करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।