मैराथन से पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, मनाली में प्रतिभागियों ने एकत्र कर दीं 15 हजार प्लास्टिक की बोतलें
मनाली मैराथन के आयोजकों ने दौड़ के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया है। बच्चों ने 15 हजार प्लास्टिक की बोतलें एकत्रित कीं, जिन्हें अब रीसाइकल किया जाएगा।

मनाली में मैराथन के दौरान15 हजार प्लास्टिक की बोतलें एकत्र की गईं। जागरण
HighLights
बच्चों ने मैराथन में 15 हजार प्लास्टिक बोतलें एकत्रित कीं।
बोतलों के बदले बच्चों को मैराथन में मुफ्त प्रवेश मिला।
दौड़ के बाद 'हीलिंग हिमालय' ने व्यापक सफाई अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, मनाली। मनाली मैराथन के आयोजकों ने इस बार दौड़ के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश दिया है। मैराथन के बहाने बच्चों से 15 हजार प्लास्टिक की बोतलें एकत्रित करवाई गईं। आयोजकों ने बोतलों के बदले बच्चों को मैराथन में फ्री एंट्री दी। मनाली व आसपास के बच्चों ने अपने अपने क्षेत्र से प्लास्टिक की बोतलें एकत्रित की।
छोटी उम्र में ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बच्चों द्वारा एकत्रित की गई इन प्लास्टिक बोतलों को अब रीसाइकल करने की प्रक्रिया में आयोजक जुट गए हैं। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही प्लास्टिक कचरे के प्रति जागरूकता पैदा करना और हिमालय को स्वच्छ रखना है। इस ग्रीन इनिशिएटिव को स्थानीय स्तर पर काफी सराहा जा रहा है।
क्या कहना है आयोजक का
मनाली मैराथन के आयोजक प्रवीण सूद ने मैराथन में सहयोग देने वालों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह संभव हो सका है। उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा एकत्रित की गई 15 हजार प्लास्टिक बोतलों को रीसाइकल करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
मनाली मैराथन के बाद बिखरे कचरे को समेटने में जुटा हीलिंग हिमालय
पर्वतीय पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए मनाली मैराथन के आधिकारिक सस्टेनेबिलिटी पार्टनर 'हीलिंग हिमालय' ने नगर परिषद मनाली और मैराथन टीम के साथ मिलकर रविवार को मैराथन समाप्त होते ही व्यापक सफाई अभियान चलाया। यह अभियान मनाली से गोशाल पलचान तक पूरे रेस रूट पर चलाया गया, जहां रविवार को हुई मैराथन में 980 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था।
ट्रैक से कचरा उठाया
टीमों ने व्यवस्थित तरीके से पूरे रास्ते से दौड़ के दौरान जमा हुआ कचरा साफ कर ट्रैक को पूरी तरह से साफ किया। आयोजकों ने कहा कि हिमालय के नाजुक इकोसिस्टम को कचरा-मुक्त रखना उनकी मुख्य प्राथमिकता है। इस साल के विशेष 'ग्रीन इनिशिएटिव' के तहत मनाली मैराथन ने स्वच्छता के प्रति गंभीरता दिखाई है। यह सफाई अभियान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाले खेल आयोजनों के लिए एक बेहतरीन मिसाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।