पहाड़ की गुणकारी दाल ने कीमत में सभी दालों को पछाड़ा, 200 रुपए प्रति किलो पहुंचे दाम... जानिए इसके औषधीय गुण
पहाड़ों की गुणकारी गहत दाल की कीमत ₹200 प्रति किलो तक पहुंच गई है, जो अन्य दालों से अधिक है।

दाल ही नहीं गुणकारी औषधि के रूप में भी विख्यात है गहत। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
गणेश पांडेय, दन्यां (अल्मोड़ा) । पहाड़ों में परंपरागत रूप से उत्पादित होने वाली गहत की दाल इन दिनों कीमत के मामले में अन्य दालों को पीछे छोड़ रही हे। काफी गुणकारी माने जाने वाली गहत की दाल बाजार में दो सौ रुपये प्रति किग्रा की दर से बिक रही है।
गर्म तासीर व पथरी के इलाज में रामबाण औषधि के रूप में विख्यात गहत की मांग पर्वतीय इलाकों में ही नहीं बल्कि मैदानी क्षेत्रों में भी बहुत है। इसका वैज्ञानिक नाम है डालीक्स बाइफ्लोरस है। गर्म तासीर की होने वाली गहत को जाड़ों की मुख्य दालों में माना जाता है।
पथरी रोग की राम बाण औषधि
पौष व माघ में होने वाली अत्यधिक शीत लहर या बर्फबारी में पहाड़ों में गहत की दाल प्राय: सभी घरों में बनाई जाती है। यह वात, पित्त, कफ, श्वास, कृमि और पथरी नाशक औषधि के रूप में प्रसिद्ध है। पहाड़ी खुश्बूदार मसालों जम्बू और गदरैणी के साथ तैयार गहत की दाल का सूप (ठटपाणी) पथरी रोग की राम बाण औषधि के रूप में विख्यात है।
इसके नियमित सेवन से पथरी बिना आप्रेशन के गल कर मूत्र में निकल जाती है। सरयू घाटी क्षेत्र के काश्तकारों का कहना है कि अन्य वर्षों की तुलना में इस बार गहत की उपज कम होने, सीमित उत्पादन, खेती का रकबा घटने और बाजार में बढ़ती मांग के कारण इसके दाम काफी बढ़ गए हैं।
गहत की दाल का आयुर्वेद में बहुत महत्व माना गया है। यह गुर्दे और मसाने की पथरी के लिए रामबाण औषधि सिद्ध हुई है। गहत का रस शरीर में जमें हुए कैल्शियम आदि के लवणों को तोड़ने में मददगार साबित होता है। यही कण पथरी बनने के कारक होते हैं।
- वैद्य हीरा बल्लभ जोशी मयोली
डाइनामाइट का विकल्प भी होता है गहत रस
यह बहुत कम लोग जानते हैं कि पहाड़ में पैदा होने वाली गहत डाइनामाइट और उड़द की दाल सीमेंट का विकल्प हुआ करती थी। पत्थर तोड़ने के लिए गहत की दाल का रस और चिनाई में उड़द को पीस कर सीमेंट की तरह प्रयोग में लाया जाता था।
गांव के पुराने जानकार लोग बताते हैं कि न टूटने वाले बड़े- बड़े पत्थरों को पहले आग में तपाने के बाद जब उनमें गहत का गरम रस डाला जाता था तो बोल्डर के टुकड़े हो जाते थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।