Uttarakhand Panchayat Chunav: सुबह से मतदान को लेकर उत्साह, पुरुषों से आगे रहीं महिलाएं
अल्मोड़ा में पंचायत चुनाव में महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही महिलाएं अपने घरों का काम छोड़कर मतदान केंद्रों पर कतारों में दिखाई दीं। महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही जिससे यह संकेत मिलता है कि गांवों में महिलाएं अब बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी मतदान किया और लोगों से मतदान करने की अपील की।

संस जागरण, अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार महिला मतदाताओं ने लोकतंत्र के उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। गांव की सरकार चुनने को सुबह से ही घर-गृहस्थी का कामकाज छोड़ महिलाएं मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में दिखाई दीं। मतदान के शुरुआती घंटों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिलाओं की भागीदारी कहीं अधिक रही।
जिले के छह ब्लाकों में गांव की सरकार को चुनने के लिए केंद्रों में सुबह आठ बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर या एक-दूसरे का हाथ थामे केंद्रों पर पहुंच गईं। खेत-खलिहान और रसोई का काम बाद में करने की सोच के साथ वे पहले लोकतांत्रिक अधिकार निभाने पहुंचीं। पुरुष मतदाताओं की तुलना में सुबह के समय उनकी संख्या काफी कम रही। जबकि दिन चढ़ते ही केंद्रों पर भीड़ घट गई, लेकिन शाम होते-होते मतदान केंद्रों में फिर रौनक लौट आई। खेतों और काम से लौटे लोग, खासकर पुरुष, फिर मतदान के लिए निकले।
मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों ने भी बताया कि सुबह से दोपहर तक महिला मतदाताओं की संख्या लगभग दोगुनी रही। यह दर्शाता है कि गांवों में महिलाएं अब केवल मतदाता नहीं, बल्कि परिवर्तन की वाहक बन चुकी हैं। अब की पंचायतें महिला सोच से बदलेंगी, यह भरोसा इस चुनाव में महिला मतदाताओं के उत्साह ने मजबूती से खड़ा किया है। पहले वोट, फिर काम यही सोच लिए महिलाओं ने यह संदेश दिया कि वे अब निर्णय की भागीदार हैं, सिर्फ दर्शक नहीं। धौलादेवी ब्लाक की सरला देवी ने कहा, हम रोज के जीवन में समस्याएं झेलती हैं। पानी की कमी, टूटी सड़कें और अस्पतालों की हालत हमसे ज्यादा कौन समझेगा? इस बार सोच-समझकर वोट डाल रही हूं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया मतदान
अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार सुबह अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर में मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने मतदाताओं से अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील भी थी। गुरुवार सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या सोमेश्वर के शहीद बिशन सिंह बोरा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज स्थित बूथ पर पहुंची। यहां उन्होंने अन्य महिलाओं के साथ लाइन में लगकर मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र का निर्माण जागरूक मतदाताओं की सहभागिता से ही संभव होता है।
डीएम, एसएसपी ने बूथों में पहुंच लिया जायजा
अल्मोड़ा: मतदान प्रक्रिया को शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर रही। जहां सभी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद पींचा ने जिले के छह ब्लाकों में विभिन्न बूथों में पहुंच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों और कार्मिकों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।