उत्तराखंड के द्वाराहाट में बवाल, भाजपा पर कांग्रेसी बीडीसी सदस्यों के पतियों को उठा ले जाने का आरोप; प्रदर्शन जारी
द्वाराहाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से पहले दो महिला बीडीसी सदस्यों के पतियों के अपहरण से कांग्रेस कार्यकर्ता गुस्से में हैं। उन्होंने भाजपा पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया और नारेबाजी की। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न करने पर कार्यकर्ता और भड़क गए मुख्य चौराहे पर धरना देकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। कांग्रेसियों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया जिससे तीखी नोकझोंक हुई।

जासंं, द्वाराहाट। ब्लाक प्रमुख चुनाव के एक दिन पहले दो महिला बीडीसी सदस्यों के पतियों के कथित अपहरण से द्वाराहाट में बवंडर हो गया। कांग्रेसी भड़क उठे हैं। हंगामा काट उन्होंने भाजपा पर सीधे तौर पर अपहरण का गंभीर आरोप लगाया। गुस्साए कांग्रेसियों ने थाने का घेराव किया। निवर्तमान प्रमुख दीपक किरौला को आत्मदाह का प्रयास किया। हो हल्ला मचने पर पुलिस कर्मियों ने जूते तैसे काबू किया।
आक्रोश तब और भड़क उठा, जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। नारेबाजी के बीच कार्यकर्ता मुख्य चौराहा पहुंचे। धरने पर बैठ गए। राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया गया। कांग्रेसियों ने पुलिस पर मिलीभगत की तोहमत मढी। पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई।
आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता नवीन मैनाली के वाहन में कौला बीडीसी सदस्य विमला देवी के पति संतोष लहरी तथा फलद्वाड़ी की बीडीसी सदस्य दीपा देवी के पति दीपक कुमार को रानीखेत की ओर से द्वाराहाट ला रहे थे। गगास के ऊपर वाले मोड़ पर दो वाहनों में सवार अज्ञात लोगों उनका वाहन रोका गया। और उनकी कानपट्टी पर पिस्टल रख दी।
वाहन से दोनों सदस्यों का अपहरण कर लिया। इसकी सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंचे। लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए अपहृत लोगों को रिहा करवाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस पर थाना प्रभारी ने शिकायत के आधार पर जांच करने की बात कही। जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे। नारेबाजी की।
पुलिस पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। बात नहीं बनने पर सभी पार्टी कार्यकर्ता मुख्य चौराहा पहुंचे। धरना शुरू कर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। जिसमें दर्जनों वाहन फंस गए। जाम खुलवाने गई पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई।
माहौल बिगड़ता देख एएसपी हरवंश सिंह मय फोर्स पहुंचे। धरने पर बैठे निवर्तमान ब्लाक प्रमुख दीपक सिंह किरौला को पुलिस ने उठाने का प्रयास किया तो तीखी तकरार हुई। पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एएसपी ने कहा कि तहरीर मिल गई है।
जिले भर की पुलिस को सतर्क कर बीडीसी सदस्यों के पतियों को मुक्त कराने का प्रयास किया जा रहा। आरोपित पकड़ लिए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना समाप्त कर जाम खोलने की अपील की। हाईवे पर दोपहर 1:10 बजे से खबर लिखे जाने तक जाम लगा रहा।
द्वाराहाट अशांत, धरना और जाम बरकरार
पुलिस कथित अपहरण के आरोपितों की गिरफ्तारी तो दूर, अपहृत कांग्रेस समर्थकों का सुराग ही नहीं लगा सकी है। अंधेरा बढने के साथ पुलिस के विरुद्ध आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जोरदार नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारी मुख्य चौराहा पर धरने से उठने को तैयार नहीं है। कर्णप्रयाग हाईवे पर यातायात ठप है। गुस्साए कांग्रेसी आरोपितों को पकड़ मुकदमा दर्ज करने व बीडीसी सदस्यों की सकुशल बरामदगी की जिद पर अड़े हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।